नौगांवा सांवलिया सेठ का किया राखियों से भव्य श्रृंगार

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। परम पूज्य माधव गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान की ओर से नौगांवा में संचालित माधव गोशाला परिसर के सांवलिया सेठ मंदिर में भगवान सांवलिया सेठ की प्रतिमा का रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष में राखियों से भव्य श्रृंगार किया गया। पूर्णिमा पर पंडित रमाकांत शर्मा के सानिध्य में मंत्रोच्चार के बीच सुख शांति की कामना को लेकर हवन भी हुआ। भव्य श्रृंगारित सांवलिया सेठ श्रद्धालुओं को मनमोहक दर्शन दे रहे थे।  इस दौरान मंदिर में आए श्रद्धालुओं ने कई भजन पेश किए जिन पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर व्यवस्था प्रबंधन प्रमुख गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि मंदिर में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहा। सह सचिव मदन लाल धाकड़ एवं हेमंत शर्मा ने बताया कि पुजारी दीपक पाराशर की ओर से भगवान का भव्य श्रृंगार कर महा आरती के बाद  भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन के साथ ही माधव गौशाला का भ्रमण कर कल्पवृक्ष एवं गौ नन्दी की परिक्रमा लगाकर मनोकामना पूर्ति की कामना की।  गौरतलब है कि धर्म नगरी भीलवाड़ा में 17 किलोमीटर दूर माधव गोशाला जहाँ पर गो परिक्रमा का विशेष स्थान के साथ गोबर गैस प्लांट व  साथ में गायों के मध्य सांवरिया सेठ और वहाँ पर नित नए भारत के सभी तीर्थों के स्वरूप दर्शन पोशाक धारण करा के श्रृंगार किया जा रहा है।  गौ सेवा के साथ ही नक्षत्र वाटिका, सघन वन का भी श्रद्धालु भ्रमण कर रहे हैं। 
जन्माष्टमी पर होंगे चलित झांकी के दर्शन, जलझूलनी एकादशी पर भरेगा मेला
परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान की ओर से नौगांवा में संचालित माधव गौशाला परिसर के सांवलिया सेठ मंदिर में 7 सितम्बर जन्माष्टमी पर चलित झांकी के दर्शन होंगे और 25 सितम्बर जलझूलनी एकादशी पर मेला भरेगा। कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ