भारत जोड़ों न्याय यात्रा को रोकने के विरोध में कांग्रेस का मौन सत्याग्रह

चित्तौड़गढ़। राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा को रोकने के विरोध में 
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर  कांग्रेस नेता ने मौन सत्याग्रह किया। कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि पिछले दो दिनों से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जानबूझकर राहुल गांधी के नेतृत्व में निकल रही यात्रा पर हमले किए जा रहे हैं। इसको लेकर  चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने मौन सत्याग्रह रख कर भाजपा नेताओं की सद्बुद्धि की कामना की।
चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट  चौराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मौन सत्याग्रह कर असम की भाजपा सरकार एवं भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर राजस्थान के पूर्व केबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि राहुल गांधी देश की आवाज बनकर यात्रा कर रहे है लेकिन उनकी यात्रा को रोका जा रहा है इस तरह का कृत्य भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं असम की भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए कर रही है जो लोकतंत्र एवं प्रजातंत्र के खिलाफ है। 
पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा राहुल गांधी की यात्रा के उद्देश्य को दबाने हेतु लगातार व्यवधान उत्पन्न करने का जो कुत्सित प्रयास किया जा रहा है जो अभी तक किसी भी राजनीतिक पार्टी द्वारा अपनी सरकार होने पर किया जाता है। वैसा तानाशाही रवैया भाजपा की सरकारें अपना रही है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भैरूलाल चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी आमजन की आवाज बनकर किसानों, गरीबों एवं बेरोजगारों की आवाज बनकर यात्रा कर रहे हैं जो भाजपा के नेता पचा नहीं पा रहे है, देश के लोकतंत्र को खतरे में डालकर अपनी मनमानी कर रही है जिसका जवाब आने वाले चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी के  नेताओं को जरूर देगी। इस मौन सत्याग्रह में कई कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ