चित्तौड़गढ़, (सलमान)। नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने शनिवार को जिले के पुलिस कप्तान का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के दौरान जिले में अपनी प्राथमिकताओं व अपराध नियंत्रण के बारे में चर्चा की।
प्रेस वार्ता के दौरान दुष्यंत ने बताया कि पुलिस मुख्यालय व राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के निर्देशों की पालना की जाएगी। वर्तमान में कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण बड़ी प्राथमिकताएं हैं। मध्य प्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा से लगा होने के कारण यह जिला अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। अवैध हथियार व मादक पदार्थों की तस्करी रोकने का प्रयास किया जाएगा एवं इनके सप्लायर पर विशेष निगरानी की जाकर सख्त कार्रवाई की जावेगी। वर्तमान में सम्पूर्ण राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर उस पर विशेष कार्य करेंगे। इस जिले की जनता हमेशा से ही पुलिस की सहयोगी रही है, जनता से आगे भी सहयोग की अपेक्षा रखते हुए एक अच्छी पुलिसिंग करने का प्रयास करेंगे।
जिले की जनता से अपील करते हुए एसपी दुष्यंत ने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया पर मोबाइल या अन्य माध्यम से अफवाह पोस्ट करने या फॉरवर्ड करने से पहले सोचें। यदि किसी ने कोई अवांछनीय गतिविधि सोशल मीडिया पर पोस्ट या फॉरवर्ड की जो समाज या कानून के लिए परेशानी बन सकती है, उनके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2017 में जिला चित्तौड़गढ़ में ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापित रहते हुए राजन दुष्यंत आरपीएस से आईपीएस केडर में पदोन्नत हुए थे। उसके पश्चात दुष्यंत जिला जोधपुर ग्रामीण, कोटा ग्रामीण, श्रीगंगानगर व पाली जिले की कमान पुलिस अधीक्षक के रूप में संभाल चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा ज्ञानप्रकाश नवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध एवं अनुसंधान सेल शाहना खानम, वृत्ताधिकारी चित्तौड़गढ़ बुद्ध राज, वृत्ताधिकारी भदेसर शिप्रा राजावत, थानाधिकारी कोतवाली चित्तौड़गढ़ मोतीलाल, थानाधिकारी महिला थाना सुशीला खोईवाल, संचित निरीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ