टैंकर से डीजल चोरी के दौरान आग का मामला : झुलसे एक व्यक्ति ने तोड़ा दम, एफएसएल टीम पहुंची

चित्तौड़गढ़। सोमवार शाम को चित्तौड़गढ़-निम्बाहेड़ा रोड़ स्थित जालमपुरा के पास एक टैंकर से डीजल निकालते समय वेल्डिंग से लगी आग के मामले में आज एफएसएल, डीएसओ और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। हादसे में गम्भीर झुलसे 3 लोगों में से एक की मौत हो गई। पुलिस ने ढ़ाबा मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं। ढ़ाबा मालिक फरार बताया जा रहा हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को जालमपुरा के पास एक  टैंकर से डीजल चोरी करने के दौरान वेल्डिंग से डीजल ने आग पकड़ ली। इस घटना में 3 लोग गम्भीर झुलस गए थे वही एक व्यक्ति घायल हो गया था।
मामले में टैंकर चालक, खलासी, हेल्पर व ढ़ाबे का कर्मचारी मिलकर टैंकर दे डीजल चोरी कर ड्रमों में भर रहे थे। जहाँ से डीजल निकाला गया वहां वापस वेल्डिंग से लॉक को सेट किया जा रहा था इसी दौरान वेल्डिंग से आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया। हादसे में 3 लोग गम्भीर झुलस गए थे।
 कार्यवाहक सदर थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि इन चारों के अलावा मुख्य आरोपी ढाबा मालिक ओछड़ी निवासी लाल सिंह पुत्र डालचंद जाट के नाम मामला दर्ज कर लिया गया है। सदर थाने में टैंकर का मालिक पिपलिया मंडी निवासी आनंद अग्रवाल ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि यह टैंकर उनका था और इंडियन ऑयल डिपो से डीजल और पेट्रोल भरवा कर भीलवाड़ा सप्लाई करने का ऑर्डर था।
थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि जिस टैंकर में आग लगी, उस टैंकर का ड्राइवर रिठोला निवासी नीलेश पुत्र रमेश ओड, हेल्पर रिठोला निवासी राहुल पुत्र सीताराम ओड, होटल का कर्मचारी नारायण लाल प्रजापत बुरी तरह झुलस गए। वहीं, खलासी चंदेरिया निवासी बबलू पुत्र रतन लाल गुर्जर दूर जा गिरा, जिससे उसे चोट लग गई और जिला हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में एडमिट है।
जबकि तीनों झुलसे व्यक्तियों को उदयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां देर रात को राहुल पुत्र सीताराम गुर्जर ने दम तोड़ दिया। उसके शव को सुबह पांच बजे लाया गया, जहां पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने एफएसएल, डीएसओ और पुलिस टीम के साथ मौका देखा।
 बताया जा रहा है कि टैंकर में 5000 लीटर पेट्रोल और 15000 लीटर डीजल भरा हुआ था। उसमें से आरोपियों ने 600 लीटर डीजल ड्रम में भर लिया। यहां से एक जीप में भरकर गांव में लेकर जा रहे थे लेकिन इस दौरान यह हादसा हो गया। यह ढाबा ओछड़ी टोल नाके से यह होटल मात्र 100 मीटर की दूरी पर है।
आरोपी लाल सिंह जाट के खिलाफ पहले भी चोरी और डीजल चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चालान भी पेश किया जा चुका था। आए दिन लाल सिंह के खिलाफ कई शिकायतें आती थी। पुलिस ने फिलहाल मानव जीवन को संकट में डालने के और चोरी के आरोप में मामला दर्ज किया है। मौके पर डीएसओ की टीम भी पहुंची और पूरा मौका मुआयना किया। मौके पर आरोपियों के कार्ड, रुपए, मोबाइल सब पड़े थे जो जल चुके थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ