घटयात्रा के साथ लघु पंचकल्याणक प्रारम्भ, गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया

जहाजपुर, (रविकांत जोशी)। घट यात्रा के साथ नगर में शनिवार से लघु पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव शुरू हो गया। घट यात्रा में शामिल महिलाएं गुलाबी साड़ी में सिर पर कलश रखकर निकली। पीछे रथ पर सवार भगवान के माता-पिता चल रहे थे। घटयात्रा के गौतम आश्रम पहुंचने पर जैन समाज ने मुनि आदित्य सागर का पाद प्रक्षालन किया। महिलाएं रास्ते में नृत्य करते हुए चल रही थी। गुरुदेव के जयकारे करते हुए यात्रा में उत्साही युवक ढ़ोल पर नृत्य करते नजर आए। 
घटयात्रा के बाद महोत्सव स्थल पर मंडप का उदघाटन शांतिलाल, रिषभ, ललिता, ट्विक्ल बाकलीवाल तथा ध्वजारोहण पारसमल, मैना देवी, सौरभ, अक्षिता, समीक्षा सोगाणी पलासिया ने किया। मंडप शुद्ध के बाद प्रवचन हुए। यहां कलश की स्थापना की गई। श्रीजी अभिषेक व शांतिधारा के बाद महाराज का पाद प्रक्षालन किया। मुनि आदित्य सागर ने कहा कि पाषाण से भगवान बनने की सारी विधि कार्यक्रम में दिखाई जाएगी। कैसे हम लोग भी इस नश्वर संसार से दूर भगवान बनें, ये सब पंचकल्याणक के माध्यम से दिखाया जाएगा। शनिवार रात अष्ट कुमारियों ने इंद्र एवं इंद्राणी के साथ नृत्य किया। प्रतिष्ठाचार्य पीयूष भैय्या ने कई धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए। 
सकल दिगंबर जैन समाज के रिषभ बाकलीवाल ने बताया कि नेमिनाथ दिगंबर अतिशय तीर्थ क्षेत्र (बड़ा मंदिर) जहाजपुर का लघु पंचकल्याणक व वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव आचार्य विशुद्ध सागर के शिष्य मुनि आदित्य सागर, अप्रमित सागर व मुनि सहज सागर के सानिध्य में चल रहा है। रात को 16 स्वप्न की क्रियाएं व गर्भ कल्याणक की क्रियाएं की गई। इस दौरान भगवान के माता-पिता पलासिया के कैलाशचन्द- लाड़ देवी सोगानी, सोधर्म इंद्र विमल कुमार बाकलीवाल, कुबेर इंद्र गुलाबचन्द झांझरी, महानायक राजकुमार गोधा, यज्ञनायक नवीन कुमार बाकलीवाल, ईशान इंद्र पारसकुमार बाकलीवाल, माहेन्द्र इंद्र महेंद्रकुमार गोधा, सानत कुमार इंद्र टिनू कुमार गोधा उपस्थित थे। 

जन्म कल्याणक रविवार को 
रविवार को भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। सुबह नित्यपूजन के गर्भ कल्याणक की पूजन तथा 7.15 बजे भागवान आदिकुमार का जन्म होगा। दोपहर में बारात, भगवान को वैराग्य, तपकल्याणक, भगवान की आहारचर्या, केवल्यज्ञान, समोशरण होगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ