कनेरा मण्डल की एक दिवसीय कार्य समिति बैठक आयोजित


निम्बाहेड़ा। भारतीय जनता पार्टी के निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित कनेरा मंडल की कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक घाटा क्षेत्र के मनोहर खेड़ी ग्राम स्थित देवनारायण मंदिर पर पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी के मुख्य अतिथि में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष गब्बर सिंह अहीर, भाजपा जिला महामंत्री सोहन लाल आंजना मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कृपलानी ने केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में आमजन के लिए किए जा रहे लोक कल्याणकारी कार्यों के बारे में जानकारी दी, साथ ही वर्तमान परिपेक्ष में राजनैतिक स्थिति पर प्रकाश डाला। कृपलानी ने राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार राज्य में कानून व्यवस्था सहित सभी क्षेत्रों में पूर्णता विफल साबित हुई है। कृपलानी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं विफलताओं को भाजपा कर्तकर्ता आमजन तक पहुंचाएगा। 
कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने संगठन के बारे में चर्चा करते हुए सशक्त बूथ अभियान एवं सशक्त मंडल अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष गब्बर सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगातार किसानों के हित में कार्य किया जा रहा है उन्होंने केंद्र सरकार के द्वारा किए जा रहे किसान हित के कार्यों को किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में जिला महामंत्री सोहनलाल आंजना ने संगठन के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उक्त जानकारी देते हुए मण्डल महामंत्री शिवलाल धाकड़ ने बताया कि बैठक के आरंभ में कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कार्य समिति बैठक के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक का संचालन ओबीसी मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य चेतन गिरी गोस्वामी ने किया जबकि आभार मण्डल महामंत्री बाबूलाल भील ने व्यक्त किया। बैठक में जिला व मण्डल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष सहित वरिष्ठ भाजपा नेता व जनप्रतिनिधि सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ