आमजन का विश्वास खो चुकी गहलोत सरकार -विधायक आक्या

 चित्तौड़गढ़। जनता से लूट, किसानों का मुआवजा, खाद, बिजली, रोड़, चिकित्सा आदि चरमराती व्यवस्था को लेकर जन आक्रोश यात्रा से विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या जनता से रूबरू हुए। यात्रा के विधानसभा मीडिया संयोजक मनोज पारीक ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा के चंदेरिया पंहुचने पर चंदेरिया वासियों को संबोधित करते हुए विधायक आक्या ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार आम जनता का विश्वास खो चुकी है। अब उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। विधायक आक्या ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास और आम आदमी को सस्ती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के सपने को साकार करने वाले इस कदम की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री के इस विजन के कारण ही प्रत्येक जिला हेडक्वार्टर पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। चित्तौड़गढ़ में मेडिकल कॉलेज खुलने से लोगों को बेहतर, सस्ती और उत्कृष्ट मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होगी वहीं क्षेत्र के छात्रों को भी कम खर्च में मेडिकल की पढ़ाई का लाभ मिलेगा। कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में साठ प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार का होते हुए भी मेडिकल कॉलेज को राज्य सरकार की उपलब्धि का ढ़ोल पीटना और झूठी वाहवाही बटोरना कांग्रेस की विकृत मानसिकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चाहे लाख जतन कर ले पर अब राजस्थान की जनता उनके भूलावे में आने वाली नहीं है। जनता सब जानती-समझती है और अब कांग्रेस किसी छलावे में नहीं आयेगी। मंडल अध्यक्ष रोहिताश जाट ने कांग्रेस शासन में हो रहे महिला उत्पीड़न, बौरोजगारी भत्ता नहीं मिलने, खाद किल्लत आदि मुद्दों पर आमजन को कांग्रेस शासन की नाकामियों को बताया। राजस्थान की कांग्रेस सरकार की खिंचाई करते हुए विधानसभा संयोजक पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़ ने कहा कि यह यात्रा आमजन को राजस्थान की कांग्रेस सरकार की विफलताए  बताने के लिए है आज राजस्थान में भ्रष्टाचार तथा जंगलराज हावी हो गया है। आए दिन हो रही हत्या लूट डकैती इस बात की गवाह है कि राजस्थान गर्त में जा रहा है। विधानसभा प्रभारी राकेश पाठक, पूर्व न्यास अध्यक्ष सुरेश झंवर, पूर्व सभापति सुशील शर्मा, यात्रा जिला संयोजक सीपी नामधराणी 
मंडल महामंत्री पुरण राणा ने भी संबोधित किया। जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस सरकार के चार साल राजस्थान बदहाल का काला चिट्ठा आरोप पत्रक आमजन एवं ग्रामवासियों को वितरित किये गये।
इस दौरान जिला महामंत्री तेजपाल रेगर, पूर्व जिला महामंत्री देवीसिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष नरेंद्र पोखरना, नगर अध्यक्ष सागर सोनी, मंडल महामंत्री अनिल ईनाणी, गोपाल गवारिया, बालकिशन भोई, सांवत सिंह, जयराज कुमावत, शांति लाल शर्मा, शांति लाल बलाई, चौगावड़ी सरपंच बहादुर सिंह राणावत, घनश्याम मेनारिया, किशन शर्मा, गजेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे। यात्रा विधानसभा संयोजक प्रवीण सिंह राठौड़ ने बताया कि शनिवार को जन आक्रोश यात्रा बस्सी मंडल के मानपुरा, सेमलपुरा, अभयपुर, सादी, पाल, नगरी, आंवलहेड़ा, घोसुंडी, सोनगर, पालका, बस्सी में निकलेगी रात्रि में बस्सी में चौपाल सभा होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ