चित्तौड़गढ़, (सलमान)। अल्पसंख्यक ऋण माफी को लेकर अल्पसंख्यक मामलात विभाग मंत्री के नाम जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष इम्तियाज हुसैन लौहार ने बताया कि राजस्थान अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आबिद कागजी के जयपुर कार्यालय पहुँच कर उनका मेवाड़ी पगड़ी पहना कर, उपरना ओढ़ा कर, आन, बान और शान के प्रतिक चित्तौड़गढ़ किले की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात् अल्पसंख्यक के ऋण माफी के मुद्दे को लेकर अल्पसख्ंयक मामलात विभाग के मंत्री के नाम का ज्ञापन सौंप कर समस्याओं से अवगत कराया जिसमें चित्तौड़गढ़ जिले के 10 से 15 लोग ऐसे है जो कैंसर जैसी व अन्य बीमारियों से पीड़ित है, जिन्हें 2015 में लोन मिला। अपनी बीमारी के इलाज के चलते ऋण अदायगी में परेशानी हो रही है। ऐसे लोगों को राहत दिलाई जावे। वर्ष 2015 से पूर्व में भी 2014 तक दिये लोन को भी सरकार द्वारा माफ कर दिया गया था उसी प्रकार वर्ष 2018 तक मिले लोन में भी उदारता बरतते हुए ऋण माफ किये जाने की मांग की गई। प्रदेशाध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री व संबंधित विभाग के मंत्री से इन मांगों के शीघ्र निराकरण कराये जाने का आश्वासन दिया गया। इससे पूर्व चित्तौड़गढ़ से पहुँचे कांग्रेस अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं ने जिले के तीन स्कूलो (मदरसों) को मुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक मामलात विभाग मंत्री सालेह मोहम्मद द्वारा 25-25 लाख की सहायता दिये जाने पर भी आभार जताया। इस अवसर पर अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष इम्तियाज हुसैन लौहार, जिला उपाध्यक्ष आरीफ अहमद, ऑटो यूनियन जिलाध्यक्ष अयुब अली, अफरोज खान, शफीक मोहम्मद, जमनालाल आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ