मुस्लिम समाज की प्रेस कांफ्रेंस, कन्हैया लाल के हत्यारों को कड़ी सजा दिलवाने की मांग


चित्तौड़गढ़। उदयपुर में कन्हैयालाल टेलर की नृशंस हत्या पर चित्तौड़गढ़ के मुस्लिम समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को समाज की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह आक्रोश खुलकर सामने आया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के द्वारा पत्रकारों से रूबरू होते हुए अधिवक्ता इनायत अली ने कहा जिस तरह की हैवानियत दिखाई गई है, कोई भी मुसलमान इस तरह के कृत्य का समर्थन नहीं करते हैं।
इरशाद अली ने कहा कि यह घटना पूरी इंसानियत का कत्ल है और पूरी इंसानियत के लिए शर्मसार घटना है। यह निंदनीय है। ऐसा कोई कृत्य हमारी शरीयत इस्लाम के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अपराध कितना भी संगीन हो शरीयत ए इस्लामी व हमारे मुल्क का कानून किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं देता है। जो भी व्यक्ति ऐसा कृत्य करते हैं वह देश का आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि ना ही कोई सभ्य समाज इस तरह के कृत्य का समर्थन करेगा। हम इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हैं।
इस्माइल मंसूरी ने कहा कि ऐसी किसी भी घटित घटना जो अपराध की श्रेणी में आती है, हम उसकी पुरजोर तरीके से विरोध करते हैं। हम सभी चित्तौड़गढ़ के निवासी सभी धर्म की ओर से अपराधियों के खिलाफ कानूनी तौर पर सजा दिलवाने के लिए एक साथ खड़े हैं। इस्लाम शांति और अमन का पैगाम देता है, आपके साथ कोई बुरा बर्ताव करता है तो उसके साथ भी भलाई करने का एक पैगाम देता है। इस्लाम धर्म मानवता का धर्म है, किसी भी सूरत में किसी व्यक्ति के कत्ल की इजाजत नहीं देता है। ऐसी घटना इस्लाम धर्म को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है, व देश को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने की साजिश है। ऐसी साजिश को हम कभी सफल नहीं होने देंगे। हम सभी इसकी पुरजोर तरीके से मुखालफत करते हैं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए स्थानीय पार्षद युसूफ ने कहा कि ऐसी घटना पर मानवीय दृष्टिकोण रखने वाले लोगों का आक्रोश में आना स्वाभाविक है। लेकिन हमारे गंगा जमनी तहजीब वाले शहर में जैसा अमन, चैन एवं शांति का माहौल आदिकाल से चला आ रहा है, उसके लिए शहरवासियों, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं। ऐसी दुख की घड़ी में हम सभी भाई आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर सजा दिलाने के पक्षधर है।
हम हमारे शहर में शांति, अमन चैन भाईचारा बनाए रखने में चित्तौड़गढ़ शहर की आवाम के साथ खड़े हैं। हमारे शहर का आपसी भाईचारा एवं शांति व सौहार्द कायम रहे। हमारे मुल्क हिंदुस्तान की विभिन्न तंजीमो उलमा ने भी उदयपुर की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। शहर में शांति, भाईचारा और सद्भाव बना रहे यही हमारा पैगाम है।
इस दौरान सज्जादानशीन, एहसान पठान, इम्तियाज लोहार, अंजुमन सेक्रेटरी फैज मोहम्मद सिद्दीकी नूरी, पूर्व अंजुमन सदर हारून छिपा, इकबाल गुलशन सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ