चित्तौड़गढ़। बारिश से खराब हुई सोयाबीन, मूंगफली, तिल्ली की फसलों की जल्द ही गिरदावरी कराकर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग का पत्र चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भेजा है। पत्र में विधायक आक्या ने बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद भी जिले में हो रही बारिश के कारण किसानों के खेतों में पड़ी फसल खराब हो रही है। खेतों में पानी भर गया है, जिससे कटी पड़ी फसलें भीग गईं। वहीं हवा चलने से पकी हुई फसल भी खेतों में आड़ी पड़ गई है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक आक्या ने कहा कि मानसून के समय भी भारी बारिश के कारण किसानों को नुकसान हुआ था। उन्होंने कहा कि यदि समय पर किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला तो कई किसान कर्जे में डूब जाएंगे। विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द फसल खराबे का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाए ताकि आपदा के इस दौर में किसानों व उनके परिवारजनों को संबल मिल सके।
0 टिप्पणियाँ