थाने की दीवार कूद कर चेन स्नेचिंग का आरोपी भागा, पुलिस ने वापस पकड़ा


चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर फरार हुए चेन स्नेचिंंग के आरोपी को युद्ध स्तर पर तलाश करते हुए कुछ ही घंटो में फिर से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना पुलिस के एएसआई अंबालाल गुर्जर ने पिछले दिनों शास्त्री नगर में हुई चेन स्नेचिंग के आरोपी गुजरात के जिला वडोदरा निवासी किशोर मोहन भाई मांझी उर्फ अजय को उदयपुर जेल से  प्रोडक्शन वारंट द्वारा गिरफ्तार किया था। जिसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर वापस कोतवाली लाया गया, जहां वह थाने की पश्चिमी दीवार कूदकर फरार हो गया था। जिसकी जानकारी मिलने पर शहर कोतवाल विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में कई टीमें उसकी तलाश में लगाई गई। पुलिस ने युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए, शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर सख्त नाकाबंदी करावाई और दर्जनो सीसीटीवी कैमरों के फटेज खंगाले। कोतवाली के बाहर चौराहे पर लगे कैमरे और आसपास के लोगों से पुलिस को पता लगा  कि उक्त मुलजिम दीवार कूदने के दौरान गिर कर चोटिल भी हो गया, जिससे उसके आसपास ही छूपा होने का कयास लगाया गया। इस दौरान थानाधिकारी विक्रम सिंह द्वारा कोतवाली के पीछे स्थित कई निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स के बेसमेंट की तलाशी ली जा रही थी, इस बीच फरार आरोपी  वहां से भाग निकला, जिसका पीछा कर पुलिस ने उसे बेड़च नदी की पुलिया की समीप पकड़ लिया। कोतवाली से फरार आरोपी के फिर से गिरफ्तार होने पर सभी ने राहत की सांस ली।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ