चित्तौड़गढ़। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में गत रात्रि बदमाशों ने होड़ा हनुमान मंदिर के दो पुजारियों को बदमाशों ने बंधक बना लिया और मारपीट कर दानपात्र से दान राशि लूट ले गए। 6 महीने पहले भी एक दानपात्र की राशि लूटी गई थी। मंदिर कमेटी और पुजारियों के बीच विवाद के चलते पिछले 9 साल से मंदिर की तीनों ही दानपात्र के लॉक नहीं खोले गए। दोनों ही पुजारियों का सुखवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया। सूचना पाकर मंदिर प्रबंधन कमेटी के साथ आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सुखवाड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में आने वाले होड़ा हनुमानजी मंदिर पर चोरों ने गत रात्रि लूट की इस वारदात को अंजाम दिया। घायल पुजारी को हॉस्पिटल ले जाया गया। सुखवाड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच शोभालाल धाकड़ के अनुसार रात करीब 2 बजे बदमाशों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया। धाकड़ ने बताया कि होड़ा हनुमान मंदिर पहाड़ी पर स्थित है।
6 माह पहले भी एक दानपात्र की राशि निकाल ले गए थे बदमाश
यहां तीन अलग-अलग मंदिर है। गत रात्रि पुजारी महेश दशोरा और समंत गिरी मंदिर पर ही थे। अचानक नकाबपोश 6 बदमाश वहां पहुंचे और दोनों को बंधक बनाकर मारा पीटा तथा जीवन गिरी महाराज की समाधि के दानपात्र को तोड़कर नकद राशि निकाल ले गए। सूचना पर मंदिर कमेटी के साथ संबंधित गांवों के लोग भी पहुंच गए और दोनों ही पुजारियों को सुखवाड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
9 साल से नहीं खुले दानपात्र के ताले
धाकड़ के अनुसार मुख्य दानपात्र दूसरी जगह पड़ा था जिस पर बदमाशों की नजर नहीं पड़ी जबकि 6 महीने पहले बदमाश शिव मंदिर के दानपात्र को तोड़कर धनराशि चुरा ले गए थे। मंदिर के दानपात्र को लेकर मंदिर कमेटी और पुजारियों के बीच विवाद चल रहा है और 2016 से ही दानपात्र नहीं खोले गए। कई नोट तो खराब हो चुके हैं।
0 टिप्पणियाँ