चित्तौड़गढ़। बस्सी कस्बे में एक भोई परिवार को हलवा बनाकर नशे की वस्तु
खिला देने से पूरा परिवार अचेत हो गया और रात्रि में अज्ञात बदमाश ने पूरे घर
के माल पर हाथ साफ कर लिया जबकि दोपहर तक 8 लोगों को होश नहीं आ पाया है। इन सभी लोगों को बस्सी के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ से उन्हें चित्तौड़गढ़ भेज दिया है।
बस्सी कस्बे की सोनगर रोड़ पर स्थित खान्या बस्ती में हुई इस घटना के बाद कस्बे में सनसनी फैल गई और सभी अचेत परिवारजनों को अस्पताल लाये जाने पर भारी भीड़ एकत्र हो गई हालांकि घटना करने वाला रात्रि में मौका देखकर फरार
हो गया और घर से सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल व नकदी ले उड़ा। बस्सी कस्बे के खान्या बस्ती निवासी कैलाश पुत्र नानूराम सब्जी का व्यवसाय करता है।
कल दोपहर नानूराम चित्तौड़गढ़ सब्जी मंडी में आया था इस दौरान उसकी एक अज्ञात व्यक्ति से मुलाकात हुई जिसने अपने आप को दिल्ली का रहने वाला बताया। बाद में जानकारी लेने पर उसने भी खुद को भी बस्सी में साथ चलने को कहा तो कैलाश
भोई ने उसे अपनी वेन में बिठा लिया और खान्या बस्ती स्थित अपने मकान पर ले गया।
अज्ञात बदमाश ने नानूराम और उसके परिवार को बातों-बातों में उलझा दिया और काफी देर घर में बैठा रहा। इस दौरान उसने सोना बनाने की भी बात कही। परिवार के लोगों को बातों में उलझा कर वह खुद
ही घर के किचन में चला गया और वहां उसने हलवा बनाया। जिसमें नशे की
कोई वस्तु मिला दी। बाद में कैलाश के पिता नानूराम, स्वयं कैलाश, पत्नी कमली, बेटी पिंकी, नीमा, शिवानी, कोमल और पुत्र दिलखुश को हलवा खिला दिया और
देर रात्रि तक उनसे बातें करता रहा। धीरे-धीरे नशे का असर होने पर परिवार के लोग एक-एक करके अचेत होकर गहरी नींद में चले गये। इस दौरान अज्ञात बदमाश ने बातों में उलझाते हुए खुद वह हलवा नहीं खाया। परिवार के सभी लोगों के बेहोशी की हालत में होने के बाद अज्ञात बदमाश ने घर की तलाशी लेना शुरु कर दिया और घर में बनी अलमारी के ताले तोड़ दिये और वहां पड़े सोने चांदी के आभूषण व मोबाइल ले कर रवाना हो गया। इस दौरान घर में रखी पेटियों सहित एक-एक चीज की तलाशी ले ली और कीमती माल और नकदी समेट कर रात करीब 2 बजे वहां से फरार हो गया। पूरा काम चालाकी से करने के बाद बदमाश घर के मुख्य द्वार से नहीं निकल कर घर की पीछे की दीवार से चुन्नी बांधकर उसे फांदकर निकल गया और किसी को आज दोपहर तक कानों-कान खबर तक नहीं लगी।
बस्सी के खान्या बस्ती में रहने वाले भोई परिवार को बेहोश करने और घर से सारा माल समेट लेने के बाद दोपहर तक किसी को भी मामले की जानकारी नही मिल पाई। आस-पड़ौस के लोगों ने बताया कि घर में पानी की मोटर भी चल रही थी जो रातभर चलती रही। बाद में किसी के घर से नहीं निकलने पर लोगों को शंका हुई और
जाकर देखने पर यह माजरा नजर आया। जिसके बाद पुलिस और अन्य लोगों को सूचना दी गई जिस पर सभी मुर्छित व्यक्तियों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इस दौरान परिवार की एक 11 वर्षीय लड़की को होश आ गया जिसने
सारे घटनाक्रम की जानकारी दी।
0 टिप्पणियाँ