भैंसरोड़गढ़ के एक सहायक उप पुलिस निरीक्षक के विरुद्ध 40 हज़ार की रिश्वत लेने का मामला दर्ज


चित्तौड़गढ़। भैंसरोडगढ़ पुलिस थाना के एक सहायक उप निरीक्षक के विरुद्ध चित्तौड़गढ़ एसीबी ने परिवादी से 40 हज़ार रुपए लेने की रिपोर्ट दर्ज करवाई हैं। कैलाश सिंह सांदू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चित्तौड़गढ़ ने बताया कि डीआईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर रेंज उदयपुर के निर्देशन में अग्रिम कार्रवाई करते हुए प्रेमाराम जाट सहायक उप निरीक्षक पुलिस थाना भैंसरोडगढ़ जिला चित्तौड़गढ़ के विरुद्ध परिवादी लादू लाल सालवी से 40000 रुपए रिश्वत राशि ग्रहण करने का मुकदमा दर्ज करवाया गया। मामला इस प्रकार है कि 12 फरवरी 2024 को परिवादी लादू लाल सालवी निवासी नेगाड़िया कला ने एसीबी चित्तौड़गढ़ पर उपस्थित होकर एक लिखित प्रार्थना पत्र व अपने मोबाइल से रिकॉर्ड की गई वीडियो क्लिप पेश की जिस पर अग्रिम कार्रवाई करते हुए पाया कि प्रेमाराम सहायक उप निरीक्षक द्वारा परिवादी के भांजे पूरणमल सालवी के विरुद्ध पुलिस थाना भैसरोडगढ़ में दर्ज प्रकरण में केस को हल्का करने, आरोपी से मारपीट नहीं करने एवं सबूत नष्ट करने की एवज में 50000 रुपए की मांग कर बारगेनिंग करने के पश्चात 40000 की रिश्वत राशि परिवादी से ग्रहण की गई। उक्त घटना 7 फरवरी 2024 की है। उक्त घटनाक्रम का परिवादी लादू लाल सालवी द्वारा अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की गई तथा 12 फरवरी 2024 को ब्यूरो कार्यालय चित्तौड़गढ़ में रिपोर्ट सहित मोबाइल पेश किया जिस पर कैलाश सिंह सांदू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीसी एक्ट के प्रावधानों के तहत रिश्वत राशि ग्रहण करने का मुकदमा दर्ज कराया। वर्तमान में प्रकरण का अनुसंधान जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ