वित्तीय अनियमित एवं बिलों में मिलीभगत के आरोप पर 3 सदस्यीय टीम ने जांच शुरू की

भदेसर, (शैलेन्द्र जैन)। वित्तीय अनियमित एवं बिलों में मिली भगत के आरोप को लेकर चित्तौड़गढ़ सीएमएचओ कार्यालय से तीन सदस्य टीम भदेसर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार भदेसर उपखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदेसर पर कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशीष काठेड के द्वारा संबंधित बाबू एवं अन्य कर्मचारियों के मिलीभगत से चिकित्सालय के द्वारा गलत भुगतान की शिकायत को लेकर एक प्रार्थना पत्र चित्तौड़गढ़ कार्यालय पर भिजवाया गया। इस प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच को लेकर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी ताराचंद गुप्ता के द्वारा तीन सदस्यों की टीम भदेसर चिकित्सालय भिजवाई गई। 
शुक्रवार को चिकित्सा टीम के द्वारा भदेसर चिकित्सालय पहुंच मामले की जांच शुरू की। इस टीम में चित्तौड़गढ़ से शिव प्रकाश मीणा, श्याम सुंदर शर्मा एवं मांगीलाल खटीक टीम में शामिल हैं। लेखाकार शिव प्रकाश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि चित्तौड़गढ़ कार्यालय के आदेश के द्वारा टीम भदेसर पहुंची एवं टीम के द्वारा भुगतान किए गए समस्त बिलों की बारीकी से जांच की जा रही है परंतु चिकित्सालय के स्टोर कीपर के अवकाश पर होने के कारण जांच पूरी तरह से नहीं हो पायी। इसके लिए संबंधित स्टोर कीपर को सूचना दे दी गई है एवं सोमवार को उनके द्वारा संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने के पश्चात जांच पूर्ण हो पाएगी। इस संबंध में चित्तौड़गढ़ सीएमएचओ ताराचंद गुप्ता ने बताया कि भदेसर चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशीष काठेड के प्रार्थना पत्र पर टीम भेजी गई है एवं टीम के द्वारा जांच की जाकर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी जाएगी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में भदेसर चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशीष काठेड से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से संबंधित बाबू एवं कार्यालय के कर्मचारियों की मिली भगत से वित्तीय अनियमित की जानकारी प्राप्त हो रही थी। पिछले कुछ समय से इस पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी तथा वित्तीय अनियमित की पुख्ता जानकारी मिलने पर मामले की जांच को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजा गया एवं प्रार्थना पत्र के आधार पर टीम भदेसर पहुंची तथा मामले की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ