जनाक्रोश यात्रा को लेकर भाजपा की प्रेस वार्ता



प्रतापगढ़, ( हरीश जटिया)। केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश की  कांग्रेस सरकार की 4 वर्ष की विफलताओं एवं कुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा अगले माह से आयोजित होने वाली जन आक्रोश यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के संभाग प्रभारी पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुनाव के समय किसानों बेरोजगारों एवं महिलाओं से किए सारे वादे भूल चुकी है।  आज राजस्थान हर अपराध और महिला उत्पीड़न एवं अत्याचार के मामलों में नंबर एक पर आ गया है। प्रदेश में आए दिन महिलाओं पर दुष्कर्म, दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रदेश कांग्रेस के विधायक मिनी मुख्यमंत्री बनकर जनता को लूटने का काम कर रहे हैं। 
एक प्रेस विज्ञप्ति में भारतीय जनता पार्टी के शहर मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने बताया कि आज आयोजित इस प्रेस वार्ता में पार्टी के संभाग प्रभारी हेमराज मीणा ने कांग्रेस के 4 साल के कुशासन पर पत्रकारों को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के 4 साल में राजस्थान बदहाल हो चुका है।  1,61,000 से अधिक महिलाओं पर अत्याचार के मुकदमे दर्ज हैं। प्रदेश सरकार लंपी वायरस से पीड़ित लाखों गौ माताओं की जान बचाने में भी नाकाम रही है।
संभाग प्रभारी मीणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री बने रहने व बनने की लड़ाई के कारण 4 वर्षों से मंत्रिमंडल, ब्यूरोक्रेसी दो भागों में बंटी हुई है। उनके आपसी स्वार्थ की लड़ाई के कारण प्रदेश का विकास पूर्ण रूप से ठप्प पड़ा है और कांग्रेस के विधायक मिनी मुख्यमंत्री बनकर जनता को लूटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ जिले के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिए कोई कार्य नहीं होता है। जिला परिषद में बिना कमीशन के कोई स्वीकृतियां जारी नहीं होती है। जिले में स्थानांतरण भ्रष्टाचार का उद्योग बन गया है। मीणा ने कहा कि डब्ल्यूबीएम सड़कों में मनरेगा की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। आज जिले का किसान यूरिया और डीएपी के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। संभाग प्रभारी हेमराज मीणा ने पत्रकारों से कहा कि विगत 4 वर्षों से स्थानीय विधायक रामलाल मीणा ने अनैतिक रूप से संपत्ति अर्जित की है। नगर परिषद प्रतापगढ़ में कांग्रेस सभापति के दौरान प्रशासन गांव के संग अभियान में बंदरबांट कर नियमों के विरुद्ध पट्टे जारी किए गए साथ ही नगर परिषद में कांग्रेस ने दबाव बनाकर भूमि रूपांतरण में नियम विरुद्ध कार्य किए। 
मीणा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में किसानों को सिंचाई के लिए न तो पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल रही है ना पर्याप्त मात्रा में यूरिया।
सरकार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगी हुई है। मीणा ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता ने चुनाव के समय किसानों से 10 दिन में कर्ज माफी का वादा किया था लेकिन उस वादे को पूरा नहीं किया, इसके खातिर राजस्थान का किसान कर्ज में डूबता चला जा रहा है। संभाग प्रभारी हेमराज मीणा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कई कड़े कदम उठाए उस वजह से आज सरकारी योजनाओं का पैसा सीधा लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।  संभाग प्रभारी हेमराज मीणा ने जनाक्रोश रथ यात्रा रूपरेखा की जानकारी पत्रकारों को अवगत कराएं और कहा कि प्रदेश में यह यात्रा एक दिसंबर से लांच होगी और 200 विधानसभाओं में 200 जन आक्रोश रथ यात्रा जाएगी । यह यात्रा प्रत्येक विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर पहुंचेगी और सरकार की नाकामियों को जन जन तक पहुंचाएगी। 4 दिसंबर को प्रतापगढ़ एवं धरियावद विधानसभा क्षेत्र हेतु रथ का लॉन्चिंग होगा। रथ पंचायत एवं बूथ स्तर तक पहुंचेगा।  17 दिसंबर को धरियावद विधानसभा में एक विराट जनाक्रोश यात्रा आयोजित होगी और 18 को प्रतापगढ़ में होगी। मीणा ने पत्रकारों को बताया कि जनाक्रोश यात्रा में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश सरकार की विफलताओं को नुक्कड़ सभा एवं चौपाल के माध्यम से जन-जन को अवगत कराया जाएगा। इससे प्रदेश में 2 करोड़ लोगों तक पहुंच कर 8 करोड़ तक इस संदेश को पहुंचाने का लक्ष्य है। इस रथयात्रा में शिकायत पेटी भी रखी जाएगी इसमें आने वाली समस्याओं का निराकरण प्रदेश में सरकार आने पर किया जाएगा। यात्रा हर विधानसभा में पहुंचेगी और इसमें 5 लाख कार्यकर्ताओं की सहभागिता होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र द्वारा दिए जा रहे जनकल्याणकारी बजट को भी खर्च नहीं कर पा रही है। प्रेस वार्ता में संभाग प्रभारी हेमराज मीणा एवं पार्टी के पदाधिकारियों ने कांग्रेस सरकार के 4 साल राजस्थान  बदहाली के काले चिट्ठे को प्रेस के समक्ष प्रस्तुत किया। जनाक्रोश यात्रा को लेकर आज आयोजित इस प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत, जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया, जिला परिषद में नेता प्रतिपक्ष हेमंत मीणा, चित्तौड़गढ़ उप जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बडोली, भाजपा नगर अध्यक्ष रितेश सोमानी, पंचायत समिति प्रधान रमेश मीणा, जन आक्रोश यात्रा समिति के जिला संयोजक प्रेम सिंह झाला विधानसभा जन आक्रोश यात्रा के संयोजक एडवोकेट जसपाल आंजना, पूर्व प्रधान लच्छीराम निनामा, जिला मंत्री प्रेम लाल मीणा, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष निलेश सेठिया, पार्षद प्रतिनिधि नगर महामंत्री विकास चनाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजय बैसला, पार्षद प्रतीक खोईवाल,  हेमंत मीणा, मिलन शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे। जनाक्रोश प्रेस वार्ता का संचालन और आभार भाजपा शहर मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ