जोधपुर। जोधपुर (Jodhpur) के महात्मा गांधी अस्पताल में सन्नाटा है। यहां शेरगढ़ के भूंगरा गांव (Bhungra Village-Gass Cylinder Blast) में सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ित एडमिट है। अटेंडेंट के आंसू सूख चुके हैं। बुधवार को डेढ़ साल के अर्जुन सिंह, 13 साल की बच्ची डिंपल और 26 साल के युवक दुर्ग सिंह ने दम तोड़ दिया। अर्जुन सिंह 70% तक झुलस चुका था। इस हादसे में अब तक 11 बच्चों समेत कुल 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस हादसे में दूल्हे सुरेंद्र सिंह ने माता-पिता, बहन, भतीजे-भतीजी, भांजी समेत 21 से ज्यादा परिजनों को खो दिया है। सुरेंद्र खुद इस हादसे का शिकार हो गया था। ऐसे में वह आखिरी बार अपनों को न देख सका और न अर्थियों को कंधा या मुखाग्नि दे सका। 8 दिसंबर की दोपहर में हुए सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में सुरेंद्र की बारात जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर ब्लास्ट से यह हादसा हो गया। आईसीयू में अभी भी कुछ लोग हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में मौजूद सुरेंद्र के रिश्तेदार ने बताया कि सुरेंद्र का एक भाई सांगा सिंह गांव में अंतिम संस्कार करने के लिए रुका हुआ है।
मंगलवार का दिन सुरेंद्र के भाई सांगा सिंह के लिए बहुत भारी रहा। मां धापू कंवर और पिता सगत सिंह के साथ बड़े भाई के बेटे आईदान के शव एक साथ लेकर एंबुलेंस गांव पहुंची। हर कोई विलाप करने लगा। दो-तीन लोग हाथ पकड़ कर सांगा सिंह को घर के अंदर से बाहर लाए। रो-रोकर सांगा की ऐसी हालत हो गई है कि उसके गले से रुलाई तक नहीं फूट रही है। पूरे गांव में शोक है।
सोमवार को सुरेंद्र की मां धापू कंवर ने दम तोड़ दिया था तो मंगलवार को पिता सगत सिंह की मौत हो गई। सुरेंद्र के परिजन सुमेर सिंह ने बताया कि 24 घंटे में ही सुरेंद्र के माता-पिता और दो भतीजों की मौत हो गई। मंगलवार को महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान दूल्हे के पिता सगत सिंह (55), दिलीप कुमार (24), सुगन कंवर (56), आईदान सिंह (9), सूरज कंवर (50) की मौत हो गई।
फिलहाल मरीजों के परिजनों के लिए एक काउंसिलिंग कक्ष बनाया गया है। इसमें बैठे अस्पताल के स्टाफ मरीजों के इलाज के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। अस्पताल में लाने के बाद 26 लोग दम तोड़ चुके हैं। अभी भी 26 लोग हॉस्पिटल में भर्ती हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजश्री बोहरा ने बताया कि घटना के बाद से ही प्लास्टिक सर्जन रजनीश गालवा व अन्य डॉक्टरों की टीम जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ