उदयपुर। उदयपुर में सैकंड ग्रेड भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में फरार आरोपी दो मुख्य सरगनाओं के खिलाफ पुलिस ने इनाम घोषित किया है। इनका नाम पता बताने वालों को पुलिस पांच-पांच हजार रुपए का इनाम देगी। जानकारी देने वाले का नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक इन दोनों आरोपियों में एक का नाम भूपेंद्र सारण और दूसरे का नाम सुरेश ढाका है। अब तक पकड़े गए लोगों से पूछताछ में इन दो आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनके ठिकानों पर दबिशें देने के बाद भी पुलिस को कामयाबी नहीं मिली। बताया यह जा रहा है कि पेपर लीक की साजिश रचने वालों में ये ही मुख्य आरोपी हैं। पहले इनके पास पेपर आया और इन्होंने अभ्यर्थियों से सौदा करने वाले आरोपियों को पेपर उपलब्ध करवाया है। पुलिस इस मामले में अनुसंधान कर रही है। कई और राज सामने आ रहे हैं। इस लिहाज से ही इन्वेस्टिगेशन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
आपको बता दें कि 24 दिसंबर को उदयपुर पुलिस ने पेपर लीक मामले का खुलासा करते हुए बस में बैठकर पेपर सॉल्व कर रहे अभ्यर्थियों और सॉल्व करवाने वालों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने तब 55 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें 45 लोग बेकरिया थाना पुलिस ने और दस लोगों को सुखेर थाना पुलिस ने पकड़ा था। ये सभी अभ्यर्थी जालोर जिले के रहने वाले थे जिनको एक दिन पहले उदयपुर भेजा गया। पेपर एक दिन पहले इन सभी को बस में ही बैठाकर पेपर सॉल्व करवाया जा रहा था। पुलिस ने इनको पकड़कर सवालों को आरपीएससी से मिलान करवाया तो सवाल पेपर के सवालों से हुबहू मेल खा रहे थे।
0 टिप्पणियाँ