बेगूं थाना पुलिस ने चोरों के कब्जे से मोटर साईकिल सहित बैट्री, डीजल अन्य सामान बरामद

 बेगूं, (महेन्द्र धाकड़)। बेगूं थाना पुलिस  ने 24 घंटे में चोरी का खुलासा करते हुए बुधवार को मोटरसाइकिल, ट्रक से बैट्री, डीजल सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। 
रिपोर्ट के अनुसार विगत 20 नवम्बर को गंगाराम पिता कन्हैयालाल बंजारा उम्र 29 साल निवासी जीवा नाई का खेड़ा थाना गंगरार ने बेगूं पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 नवम्बर को प्रार्थी का ट्रक आर जे 09 जीए 5637 मक्की की कुट्टी भरकर सिंगोली मध्यप्रदेश से भीलवाड़ा के लिए निकला। चित्तौड़गढ़ कोटा मार्ग पर नितिन स्पिनर्स के समीप प्रार्थी की ट्रक का टायर फट जाने से ट्रक को वही छोड़कर बस्सी चित्तौड़गढ़ दूसरा टायर लेने चला गया। वापस लौटने पर ट्रक से बैट्री, डीजल सहित अन्य सामान अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गए। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम सुरेशचंद्र पिता आलम बंजारा उम्र 26 साल निवासी सुवानिया थाना बेगूं तथा मोहन पिता लादूराम बंजारा उम्र 30 साल निवासी सुवानिया थाना बेगूं बताया। उनके द्वारा अपराध कबूल करने व धारा 379 आईपीसी में अपराध प्रमाणित पाया जाने पर उक्त दोनों अभियुक्तों को 21 नवम्बर को सुवानिया बस स्टैंड से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बैट्री, डीजल जरीकेन नली तथा बिना नम्बरी मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस पर बेगूं थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 314/22 धारा 379 आईपीसी में मामला दर्ज किया। कार्यवाही में प्रशिक्षु एसआई आजाद पटेल, एएसआई मामराज के नेतृत्व में टीम गठित कर संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की गई थी। संदिग्ध लोगों से पूछताछ में संबधित स्थानों पर दबिश देकर चोरी का खुलासा किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ