जिला कारागृह में भिड़े बंदी : ब्लेड से हमले का लगाया आरोप, मामला दर्ज


चित्तौड़गढ़। चितौड़गढ़ जिला कारागृह में सोमवार को दो बंदियों के बीच आपसी झगड़ा हो गया। झगड़े का मुख्य कारण सामने नहीं आया है लेकिन बंदियों ने पुलिस थाने में परस्पर रिपोर्ट दी है। इस पर कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक बंदी ने ब्लेड से हमले का भी आरोप लगाया है।
कोतवाली थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि 30 जनवरी को बंदियों के बीच लड़ाई झगड़ा हुआ। सोमवार रात को जेल प्रहरी प्रदीप लक्षकार ने कोतवाली थाने में आकर दो रिपोर्ट पेश की है। एक रिपोर्ट मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पिपलिया मंडी हाल जिला जेल चित्तौड़गढ़ के बंदी पंकज पुत्र राधेश्याम पाटीदार हाल ने रिपोर्ट दी है। जिसमें लिखा है कि 30 तारीख शाम को करीब 4 बजे एसटीडी पर  बात करने के लिए लाइन में था। तभी नंबर को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर जोधपुर जिले के झंवर निवासी बाबूलाल पुत्र भियाराम बिश्नोई, पप्पू पुत्र भाकरराम, हनुमान पुत्र सुरजाराम ने आकर एक साथ मारपीट की। पंकज पिछले पांच महीने से जेल में बंद है। बंदी पंकज ने आरोप लगाया कि बाबूलाल पहले भी लड़ाई झगड़ा करता था। सभी बंदियों को भड़काना और जेल में भय फैलाने का काम करता हैं। मारपीट के दौरान पंकज को बचाने के लिए विनोद पुत्र भंवरलाल, लोकेंद्र पुत्र कमल सिंह, गोपाल पुत्र चंपालाल, विक्रम पुत्र रंजीत सिंह आगे आए और बचाया।
एक और रिपोर्ट जोधपुर के बाबूलाल (55) पुत्र भियाराम विश्नोई ने दी। इसमें बताया कि 30 जनवरी को दोपहर 4 बजे चौक में खड़ा था। इस दौरान पंकज पाटीदार और विनोद पाटीदार ने बाबूलाल को जान से मारने के लिए ब्लेड से मुंह पर और गर्दन पर वार किया। आरोपियों ने लात घुसा से मारपीट की। इससे बाबूलाल मुंह पर और गर्दन में खरोच आई। पुलिस ने दोनों रिपोर्ट पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल प्रशासन चित्तौड़गढ़ ने जेल प्रहरी प्रतापगढ़ निवासी प्रदीप लक्षकार पुत्र गुलाबचंद लक्षकार के साथ रिपोर्ट कोतवाली थाने भेजी है। वहीं बंदियों के झगड़े की सूचना जेल मुख्यालय पर उच्च अधिकारियों को भी दी है। इधर, जानकारी मिली है कि जिला जेल में इस समय क्षमता से अधिक बंदी बंद है। ऐसे में इनके बीच विवाद की बातें भी सामने आती रहती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ