भीलवाड़ा। राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने 24 अप्रैल से शुरू होने जा रहे प्रशासन गांवों के संग अभियान-2023 को लेकर शुक्रवार को शासन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जिला कलक्टर के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान जिला मुख्यालय से जिला कलक्टर आशीष मोदी के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) डॉ राजेश गोयल, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) ब्रह्मालाल जाट, उपखंड अधिकारी भीलवाड़ा विनोद कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र से वीसी के माध्यम से जुड़े। राजस्व मंत्री ने कहा कि शिविरों में आपसी समझाइश से निपटाए जा सकने वाले राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए। राजस्व मंत्री ने कहा कि जिला कलक्टर को इन कैंपों में स्वयं जाकर गंभीर प्रकृति के मामलों के निस्तारण का प्रयास करना चाहिए। रास्ते के विवादों को करें दूर राजस्व मंत्री ने छितराई हुई जमीन पर बने मकानों का पट्टा जारी करने के दौरान बीच की खाली भूमि को सुविधा क्षेत्र के रूप में चिन्हित करने के निर्देश दिए ताकि कॉलोनी के नियमन में परेशानी नहीं हो। उन्होंने रास्ते के विवादों को निपटाने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे मामलों में तहसीलदार यदि स्वयं जाकर मौका देख लेंगे तो स्थगन लेने की गुंजाइश कम हो जाएगी और मामले जल्द सुलझ जाएंगे। इसी प्रकार राजस्व मंत्री ने चारागाह भूमि से जुड़े प्रकरणों को चारागाह पॉलिसी के अनुसार निपटाकर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए।
0 टिप्पणियाँ