जयपुर। चुनावी साल में देश प्रदेश के नेताओं के बयान में तल्खी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को चित्तौड़गढ़ शहर के सुभाष चौक पर भाजपा का जन आक्रोश महाघेराव की सभा के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखवात ने सीएम अशोक गहलोत को राजस्थान की राजनीति का रावण बताया।
वहीं, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं गजेंद्र को राम तो बोल दूं, लेकिन वे राम की तरह व्यवहार तो करें।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने भाषण के आखिर में कहा- राजस्थान में राजनीति के इस रावण अशोक गहलोत को समाप्त करना चाहते हो तो भुजाएं उठाओ।
राजस्थान में राम राज्य की स्थापना के लिए संकल्प कीजिए। उन्होंने अपने भाषण के दौरान पेपरलीक और करप्शन पर सरकार को घेरते हुए कहा- बीजेपी सरकार आने पर इसकी सीबीआई जांच होगी।
संजीवनी में बर्बाद हुए गरीबों का पैसा चुकाएं
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के रावण बताए जाने पर पलटवार करते हुए कहा— मैं तो गजेंद्र सिंह शेखावत को राम कह दूंगा, पहले वो राम की तरह व्यवहार तो करें।
यह राम और रावण का मामला नहीं है। हमें रावण में कोई दिक्कत नहीं है। हम राम के रूप में मानेंगे, लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम की तरह व्यवहार करें। जो प्रॉपर्टी तुम्हारे पास है उसे बेचो और संजीवनी में बर्बाद हुए गरीबों का पैसा चुकाओ। गहलोत ने गजेंद्र सिंह शेखावत को भ्रष्ट मंत्री बताते हुए पीएम मोदी से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ