आजादी के बाद से आज तक नहीं बनी गांव में सड़के कीचड़ भरी राह से गुजरने को मजबूर ग्रामीण

जहाजपुर, (रविकांत जोशी)। पिछले कई वर्षों से उपखंड क्षेत्र के रतनपुरा व गणेशपुरा के ग्रामीण कीचड़ भरी राह से गुजरने एवं नरकीय जिंदगी जीने को मजबूर है। ग्रामीण व समाजसेवी राजेंद्र मीणा ने पीड़ा सुनाते हुए बताया कि पिछले 40 50 वर्षों से प्रदेश में कई सरकारी आई और चली गई और कई सरपंच बने और चले गए परंतु आज तक भी रतनपुरा एवं गणेशपुरा ग्राम में सड़के एवं नालिया नहीं बन पाई है। जिससे पूरे गांव की सड़कों पर कीचड़ भरा रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई सालों से गांव में नालिया एवं सड़के नहीं बनी है। गांव में नालियां नहीं होने से घरों का सारा गंदा पानी बहकर रास्तों में भर जाता है और सड़कों पर कीचड़ फैला रहता है। सड़क पर कीचड़ होने की वजह से कई बार गांव के ही दुपहिया वाहन एवं बुजुर्ग लोग कीचड़ में गिरकर फिसल गए जिससे उनके चोटे लगी है। गांव में नालियां बनाने एवं सड़के बनाने को लेकर कई बार ग्राम पंचायत सहित जिला कलेक्टर तक को लिखित रूप से ज्ञापन दिए परंतु आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रदेश की सरकार जहां डबल इंजन सरकार होकर विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन आजादी के बाद भी रतनपुरा गांव में नालियां एवं सड़क नहीं बनने पर सरकार के सारे दावे खोखले नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द ही गांव में नालियां निर्माण एवं सड़क बनाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ