भीलवाड़ा, (माय सर्कल न्यूज़ @विनोद सेन)। माण्डलगढ़ विधानसभा को भीलवाड़ा ज़िले से हटाकर नव सृजित शाहपुरा जिले में शामिल करने के विरोध में आज संपूर्ण माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गाँव एवं नगरीय क्षेत्र की दुकाने एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान माण्डलगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के बंद के आह्वान पर बंद रहे। बंद के दौरान बिजोलिया के पंचायत चौक में क़स्बावासियों ने राज्य सरकार द्वारा बिजोलिया, माण्डलगढ़ एवं कोटड़ी को शाहपुरा ज़िले में जबरन शामिल करने का आरोप लगाते हुए टायर जलाकर राज्य सरकार के निर्णय का विरोध दर्ज कराया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कस्बावासियों की उपस्थिति में संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा पंचायत चौक से उपखंड कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन का बैनर थामे पैदल मार्च निकाला गया। जिसमे बिजोलिया के कई ग्रामीण इलाको से पहुँचे जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने बंद कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया। बंद के समर्थन में हज़ारो की संख्या में पहुँचे क्षेत्रवासियों के साथ भाजपा, कांग्रेस एवं सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं कि मौजूदगी में प्रदर्शन किया गया।
उपखंड अधिकारी को सौपा ज्ञापन :
पैदल मार्च के बाद बिजोलिया में माण्डलगढ़ बचाओ संघर्ष समिति में अध्यक्ष पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, संयोजक विधायक गोपाल खंडेलवाल, पीसीसी सदस्य गोपाल मालवीय, माण्डलगढ़ प्रधान जितेंद्र मूँदडा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी सीमा तिवाड़ी को ज्ञापन सौप कड़े शब्दों में बिजोलिया माण्डलगढ़ क्षेत्र को भीलवाड़ा ज़िले से हटाकर शाहपुरा ज़िले में शामिल करने का विरोध दर्ज कराया गया। जिसमें बिजोलिया माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की शाहपुरा से अधिक दूरी एवं राम लुभाया कमेटी के प्रस्तावों में नए ज़िले में शामिल किए जाने का उदेश्य ज़िले से दूरी कम करने का हवाला देते हुए प्रस्ताव की अवहेलना कर जबरन शामिल करने से अवगत कराया गया और निर्णय वापस नहीं लेने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखते हुए 24 मई को बिजोलिया खनन क्षेत्र की सभी माईन्से बंद रखने की बात कही गई।
25 को कलेक्ट्री का करेंगे घेराव, महेश सेवा सदन से निकलेंगे पैदल मार्च पर
माण्डलगढ़ विधानसभा को शाहपुरा में शामिल करने के विरोध में माण्डलगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में 25 मई को विधानसभा के लोग ज़िला कलेक्ट्री कार्यालय भीलवाड़ा का घेराव करेंगे और राज्य सरकार के निर्णय का विरोध दर्ज कराते हुए ज़िला कलेक्टर को ज्ञापन देने के साथ साथ महेश सेवा सदन से पैदल मार्च निकालेंगे।
0 टिप्पणियाँ