जिले में पहली बार होगा 23500 कृषकों को सब्जियों के बीज निःशुल्क वितरण


चित्तौड़गढ़। जिले के किसानों को परम्परागत फसलों के उत्पादन के साथ ही उन्हें सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित किये जाने को लेकर उद्यान विभाग की ओर से मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत राजस्थान उद्यानिकी विकास मिशन में जिले के 23500 कृषकों को सब्जियों के बीज मिनिकिटों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा। इनमें एकल सब्जी मिनिकिट में टमाटर, मिर्च, भिण्डी तथा लौकी के कुल 3500 मिनिकिट एवं कोम्बो किट के तहत कुल 20000 मिनिकिटों का वितरण किया जायेगा। 
उप निदेशक उद्यान डॉ. एस. एल. जाट ने बताया कि एकल सब्जी मिनिकिट में 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल हेतु टमाटर का 10 ग्राम, मिर्च का 20 ग्राम, भिण्डी का 500 ग्राम तथा लौकी का 250 ग्राम के मिनिकिट, इनमें से कोई एक एवं 100 वर्गमीटर क्षेत्र में कोम्बो किट के तहत एक कोम्बो किट में टिण्डा 10 ग्राम, भिण्डी 20 ग्राम, मिर्च 1 ग्राम, ग्वार 30 ग्राम तथा लौकी 10 ग्राम का एक किट होगा। 

मिनिकिट वितरण हेतु पात्रता :- योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर चयनित किसान जिनके पास सिंचाई के पर्याप्त संसाधन है, उन्हें उद्यान एवं कृषि विभाग के समन्वयन से राज किसान सत्यापन पोर्टल पर जनाधार कार्ड के आधार पर सब्जी बीज किट का वितरण किया जायेगा। एक पात्र कृषक परिवार को एक सब्जी किट (एकल सब्जी किट अथवा कोम्बी सब्जी किट में से एक) ही उपलब्ध कराया जायेगा। 
कृषक के स्वयं के नाम पर जमीन होनी चाहिए या आवेदक कृषक द्वारा स्वयं के पक्ष में भू-स्वामित्व में नोशनल शेयर धारक प्रमाण पत्र राजस्व/ हल्का पटवारी से प्राप्त कर आवेदन के साथ प्रस्तुत किया जाता है तो ही कृषक को सब्जी किट का वितरण किया जायेगा। अजा, अजजा, लघु सीमान्त एवं महिला कृषकों को प्राथमिकता दी जायेगी। यदि कोई कृषक सब्जी लगाने के इच्छुक है तो वह अपना जनाधार कार्ड लेकर स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक अथवा सहायक कृषि अधिकारी से सम्पर्क करें। 

इससे पूर्व भी रबी 2022-23 में जिला कलक्टर कि निर्देशन में डी.एम.एफ.टी. योजना के तहत पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में मटर सब्जी उत्पादन कार्यक्रय चलाया गया था, जिसको किसानो द्वारा काफी सराहा गया एवं इसका अच्छा परिणाम मिला। उप निदेशक उद्यान डॉ. एस. एल. जाट ने बताया कि किसान भाईयों के यहां उत्पादन होने वाली सब्जियों को स्वयं के उपयोग में लेने के पश्चात अधिक उत्पादन होने पर बाजार में विक्रय करें ताकि आपकी आमदनी में वृद्धि हो सके इसी तरह रबी एवं जायद में भी सब्जी मिनीकिटों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ