चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ शहर के सेमलपुरा बाईपास कोटा राजमार्ग पर आज दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से सनसनी फैल गई।
कार चालक की आंखों में मिर्ची झोंक सिर पर वार कर 4 लाख रूपये के गहने छीन लिये और वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाइक पर सवार होकर आंखों से ओझल हो गये।
इस संबंध में कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया है। यह जानकारी देते हुए कोतवाली के सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील महाजन ने बताया कि अशोक नगर
निवासी 35 वर्षीय राजेश सुथार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आज सुबह दुर्ग के पीछे स्थित नेतावलगढ़ पाछली स्थित अपने खेत पर कार से जा रहा था। सेमलपुरा चौराहे से आगे सुनसान जगह पर एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आए और इशारा करके कार पंचर होने की बात कही। जिस पर राजेश सुथार ने पंचर देखने के लिए कार का कांच खोलकर मुंह बाहर निकाला तो बाइक सवारों ने उसके आंखों में मिर्ची डाल दी।
अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि मिर्ची डालने से उसे गड़बड़ी की आशंका हुई
तो तुरंत उसने अपनी गाड़ी के कांच चढ़ा लिये तो बदमाशों ने सरिये से कार के कांच
फोड़ डाले और राजेश पर हमला कर दिया। इस हमले में राजेश के सिर पर चोट
आ गई और राजेश पूरी तरह से घबरा गया। इसके बाद बदमाशों ने उसके अपने जेवर खोलने को कहा और भय दिखाकर 70 हजार रूपये कीमत की दो अंगूठियां और 5 तोले सोने की चेन लूट ली और वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले।
पीड़ित राजेश ने चिल्लाना शुरू किया और आस-पास के राहगीरों को घटना की जानकारी दी और उनकी मदद लेकर पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात
लोगों के विरूद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है और संदिग्ध लोगों को जांच के घेरे
में लेते हुए बदमाशों की तलाश प्रारंभ कर दी है ।
0 टिप्पणियाँ