वसुंधरा राजे से मिले गौरव गोगोई, वायरल हुई तस्वीरें, बढ़ी राजनीतिक हलचल


जयपुर। राजनीति में हर चीज के अपने मायने होते हैं और कहते हैं एक तस्वीर हजारों शब्द बयां करने की ताकत रखती है। एक ऐसी ही तस्वीर राजस्थान से निकल कर सामने आई है, जिससे सियासत में चर्चाओं का दौर जारी हो गया है, यह तस्वीर है पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगई की, जिसे खुद गौरव गोगोई ने अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर किया है।
 वसुंधरा राजे से मिले कांग्रेस नेता गौरव गोगोई 
2 दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई की उदयपुर एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इस तस्वीर के अलग-अलग मतलब निकाले जा रहे हैं। इस मुलाकात को प्रदेश की सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें इन दिनों वसुंधरा राजे और प्रदेश भाजपा नेताओं की अदावत किसी से छुपी नहीं है। ऐसे में इस तस्वीर के सामने आने से राजनीतिक हल्कों में खुसर-फुसर शुरू हो गई है।
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, 'उदयपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा'
हालांकि अभी तक भाजपा नेताओं की ओर से वायरल तस्वीर को लेकर किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद लोग अपने हिसाब से कयास लगा रहे हैं। एयरपोर्ट पर हुई यह मुलाकात महज इत्तेफाक थी या शिष्टाचार भेंट यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ