किराए पर टैक्सी ली, जंगल में चालक के हाथ-पैर बांध मौके से कार ले भागे युवक

चित्तौड़गढ़। सवारियों से किराए के रुपए को लेकर हुआ विवाद एक टैक्सी चालक को भारी पड़ गया। 
सवारियों के रूप में आए चार युवक चालक के हाथ-पैर बांध कर उसे घने जंगल में पटक उसकी कार ले भागे।
मामला जावदा थाना क्षेत्र में कोटड़ा बालाजी के मंदिर के पास का है। चालक ने जैसे तैसे उथल पुथल कर अपने आप को बंधन से मुक्त करवाया और कोटड़ा बालाजी मंदिर के पुजारी को आपबीती सुनाई।
जिसके बाद ग्रामीणों ने कार लेकर भागे युवकों का पीछा किया। इस दौरान युवकों की कार पलट गई, और ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि एक युवक मौके से भागने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार चिकारड़ा निवासी टेक्सी चालक मनोज के पास स्वयं की कार है।
शुक्रवार को सांवलियाजी सेठ मंदिर दर्शन करने आए मध्यप्रदेश मनसा के धामनिया निवासी चार युवक उसे किराए पर लेकर घर जा रहे थे।
चालक और युवकों के बीच  पहुंचने के बाद किराया देने की बात तय हुई थी।
घर पहुंचने से पहले बीच रास्ते मे जावदा थानाक्षेत्र में कोटड़ा बालाजी के पास सभी लोगों ने शराब पार्टी की और घर के लिए रवाना हुए।
इस दौरान चालक मनोज ने युवकों से मौके पर ही किराया देने की बात कही।
जिसपर चालक और युवकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद चारों युवकों ने चालक मनोज को सड़क से दूर जंगल में ले जाकर उसके हाथ पैर बांध दिए, और उसकी कार ले भागे।
जावदा थानाधिकारी सकाराम के अनुसार चालक की शिकायत पर मध्यप्रदेश के धामनिया निवासी राजकुमार, मिथुन व रमेश को पकड़ लिया। जबकि चौथा युवक मौके से फरार हो गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ