चित्तौड़गढ़। महर्षि गर्ग ऋषि की जयंती आगामी एक सितम्बर गुरूवार को जिला मुख्यालय के सेतु मार्ग स्थित खरडेश्वर महादेव मंदिर पर हर्षोल्लास से मनाई जायेगी जिसमें सम्पूर्ण जिले के गर्ग ब्राह्मण परिवार भाग लेंगे।
गांधीनगर खनिज भवन के पास स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर पर बाबूलाल गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई जिसमें खरडेश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करते हुए दायित्व सौंपे गये।
बैठक में सांसद सीपी जोशी, सभापति संदीप शर्मा, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष कमलेश पुरोहित, मनोज मेनारिया, ओमप्रकाश उपाध्याय, परशुराम परमार्थ ट्रस्ट प्रधान संरक्षक सहित विप्र जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों को निमंत्रित किया गया।
संचालन करते हुए सूर्यप्रकाश गर्ग ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि गर्ग ऋषि की शोभा यात्रा खरडेश्वर महादेव मंदिर से प्रारम्भ होगा सेतुमार्ग, परशुराम सर्किल पर माल्यार्पण करते हुए कलेक्ट्री चौराहे, कोतवाली, सहकार चौराहा, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, नेहरू बाजार, चन्द्रलोक टाॅकिज होते हुए पुनः खरडेश्वर महादेव मंदिर पहुँचेगी जहाँ आयोजित धर्मसभा में प्रमुख संतों, अतिथियों द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट बंशीलाल गर्ग ने बताया कि गर्ग ऋषि जयंती को लेकर समाज में उल्लास है तथा सभी बढ़चढ़ कर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। समाज के छात्रावास हेतु गोपाल कांकरवा की ओर से एक लाख एक रुपये के सहयोग की घोषणा की गई। भेरूलाल नगरी, बाबुलाल, राधेश्याम चन्देरिया, अशोक पाण्डोली, गोपाल आकोला, शम्भूलाल चित्तौड़ आइस डिपो, सूरज, संजय बाड़ी, सूर्यप्रकाश, सत्यप्रकाश, कैलाश सैंती सहित अनेक भामाशाहों की ओर से आर्थिक तथा भौतिक सहयोग की घोषणाएँ की गई।
समाज के कमलकान्त, ओमप्रकाश नगरी ने बताया कि शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्र एवं महिलाएँ परम्परागत चुंदड़, उपरना धारण करेंगे। शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए मार्ग में स्वागत द्वार लगाने का निर्णय लेते हुए सभी आगन्तुकों के अल्पाहार से लेकर भोजन की व्यवस्था की गई। धर्मसभा में समाज की विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जायेगा। अंत में कोषाध्यक्ष राधेश्याम ने आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।
0 टिप्पणियाँ