चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने एक इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को उसकी गिरफ्तारी के लिए 20 दिन का समय दिया गया थाl पुलिस ने अपने प्रयासों की बदौलत है उसे तीसरे दिन ही अपनी गिरफ्त में ले लिया। उसका लगातार 1700 किलोमीटर तक पीछा किया गया और दिल्ली मंदसौर के बीच दबोच लिया। कोतवाली थाना प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा वर्ष 2017 में करीब 14 किलो डोडा चूरा बरामदगी के मामले में पंजाब के पटियाला निवासी दर्शन सिंह पुत्र गुलजार सिंह को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा गया। गत वर्ष उसे 15 दिन के पैरोल पर छोड़ा गया था लेकिन उसके बाद वह नहीं लौटा। कारागृह प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोतवाली पुलिस थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दी गई थी। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद भी वह हाथ नहीं आया। ऐसे में जिला पुलिस द्वारा उस पर 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया। इस बीच उसकी गिरफ्तारी को लेकर उच्च न्यायालय जोधपुर ने 13 मार्च को पुलिस को आदेश दिए जिसमें 20 दिन की समय सीमा दी गई। जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देशानुसार आसपास के 3 पुलिस थानों के एक्सपर्ट शामिल करते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी टीम की मदद से उसकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी गई। उसके दिल्ली होने की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची लेकिन तब तक वह निकल चुका था। पुलिस ने करीब 1700 किलोमीटर उसका पीछा किया और उसे दिल्ली तथा मंदसौर के बीच से डिटेन कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार उसे टीम चित्तौड़गढ़ लेकर पहुंच गई। हाई कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 20 दिन का समय दिया गया था जिसे 3 दिन में ही गिरफ्तार कर लिया गया।
0 टिप्पणियाँ