जयपुर। राजस्थान में विधानसभा सभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक करीब 60 हजार व्हाट्सएप ग्रुप्स बनाएगी। यह जानकारी जयपुर में आयोजित हुई भाजपा की बैठक के दौरान दी।
भाजपा के मिशन-2023 और 2024 को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बूथ सशक्तिकरण अभियान एवं जिला जन आक्रोश महा घेराव का लेकर प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक हुई। इस बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, राष्ट्रीय बूथ सशक्तिकरण अभियान टोली के सदस्य प्रदीप वाघेला ने संबोधित किया।
प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां (Satish Poonia) ने कहा कि वर्ष 2023 में भाजपा की सरकार बनेगी। इसके बाद 2024 में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में भाजपा की सरकार बनेगी। इन दोनों संकल्पों के लिए हम सभी भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में भाजपा (BJP) और जनसंघ पर शोध होने लगे हैं। क्योंकि दुनिया के इतिहास में एक प्रमुख प्रबल विचार को लेकर चलते हैं। किस तरीके से एक संगठन जो कभी भी 3 प्रतिशत मतों और 3 सीटों से शुरू होता है और उसकी परिणति विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में 330 सीटों पर होती है। उन्होंने कहा कि हम केवल नारों की नहीं सरोकारों की राजनीति करते हैं। इसलिए हम समाज से भी जुड़े हैं और राजनीति से भी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा के निर्देशन में हम सबने इस पार्टी को रचनात्मक रूप से भी समाज में भागीदार बनाया है। आज हमारी पार्टी की फोर्स राजस्थान के 52 हजार बूथों पर किसी न किसी रूप में तैनात है। 50 हजार बूथों पर फोटोयुक्त बूथ समितियों के गठन के साथ भाजपा सक्रिय है।
पूनिया ने कहा कि लोग मुझे पूछते हैं कि राजनीति में बूथ का क्या काम है। तो मैं पूरे गौरव से कहता हूं कि वर्ष-2023 के चुनाव में भले ही कितने समीकरण हो। लेकिन भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं का पसीना यह भाजपा की प्रचंड जीत का बडा कारक बनेगा। मोदी सरकार ने आम आदमी के जीवन में बुनियादी सुविधाओं के दरवाजे खोल दिए। जनधन से लेकर उज्ज्वला से लेकर, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, मुद्रा इत्यादि योजनाएं सामान्य बातें नहीं हैं। इन जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन से लेकर किसान और युवाओं की उन्नति के लिए नये मार्ग प्रशस्त किए हैं। नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारत हर चुनौती को पछाड़ते हुए आत्मनिर्भर बन रहा है।
प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान से भाजपा वर्ष 2023 में तीन चौथाई बहुमत के साथ राजस्थान में सरकार बनाएगी। बूथ सशक्तिकरण अभियान टोली के सदस्य प्रदीप वाघेला ने कहा कि राजस्थान के सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव-2023 के लिए तैयार हैं। विजया राहटकर और चंद्रशेखर ने कहा कि बूथ और पन्ना संगठन की महत्वपूर्ण इकाई हैं। यह पार्टी के विचार और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। वर्ष 2023 और 2024 में भाजपा की जीत में बूथ और पन्ना के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान होगा। बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत भाजपा प्रदेशभर में बूथ स्तर तक के करीब 60 हजार व्हाट्सएप ग्रुप्स का निर्माण करेगी
0 टिप्पणियाँ