असली मोती के चक्कर में मांगी लाल ने गवां बैठे 6 लाख रुपए, मामला दर्ज

चित्तौड़गढ़। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को सोने के मोती लेने का लालच महंगा पड़ गया। चार बदमाशों ने उसके साथ 6 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने मोतियों से भरी थैली तो दी लेकिन उसमें एक मोती असली निकला बाकी सभी मोती नकली निकले।
इस सम्बंध में पीड़ित ने भदेसर थाना में पीड़ित ने ठगी का मामला दर्ज करवाया हैं।
भदेसर थानाधिकारी शंकर लाल राव के अनुसार थाना क्षेत्र के आसावरा माता निवासी मांगी लाल पिता राम चन्द्र आचार्य ने असली मोती की जगह नकली मोती देकर 6 लाख रुपए की ठगी करने का मामला दर्ज करवाया हैं। 
प्रकरण के अनुसार मांगी लाल की दुकान आसावरा माता मंदिर परिसर में हैं जहां कुछ दिन पहले दुकान पर 2 व्यक्ति आए और सिंगदाना खरीदे। सिंगदाना के पैसे नही होने की बात कही। इस पर दुकान पर आए व्यक्तियों ने मांगी लाल को चांदी का सिक्का दान देने की बात कही तो मांगी लाल ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने मांगी लाल को कहा कि उन्हें  मज़दूरी करते समय सोने के मोती मिले। वह उन्हें कम रुपयों में बेचना चाहते हैं और दुकानदार मांगी लाल के नम्बर लेकर चले गए। कुछ समय बाद मांगी लाल को चित्तौड़गढ़ रेल्वे स्टेशन बुलाया। मांगी लाल उनके कहे अनुसार रेल्वे स्टेशन पहुँचा जहां एक महिला सहित 4 लोग मिले। मांगी लाल को कहा कि उन्हें 6 लाख रुपए की जरूरत हैं इसलिए ये सोने के मोती बेचना चाहते हैं कोई पहचान वाला हो तो बताओ और उसे एक अन्य व्यक्ति से मोती लेकर सुनार से चेक करवाने के लिए बोला। मांगी लाल ने मोती चेक करवाया तो वह मोती असली निकला। कुछ दिनों बाद माँगी लाल को ठगों ने दिए मोती के बारे में पूछा तो मांगी लाल ने असली होना बताया। मांगी लाल के मन में लालच जाग उठा। ठगों ने मांगी लाल को 6 लाख रुपए लेकर चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन बुलाया। इस पर मांगी लाल ने पत्नी और बहू के जेवरात बेचकर व कुछ रुपए उधार लेकर 6 लाख रुपए का जुगाड़ किया और रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां पहले से मौजूद ठगों ने मांगी लाल से 6 लाख रुपए लेकर मोती की थैली पकड़ा दी। जब मांगी लाल मोती से भरी थैली सुनार की दुकान पर लेकर पहुँचा तो मांगी लाल के पैरों तले जमीन खिसक गई। थैली में एक मोती असली निकला बाकी सभी मोती नकली निकले। इस पर पीड़ित मांगी लाल ने भदेसर थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ