12 लाख से शहर की दो दर्जन बस्तियों में बांटेंगे मिठाई और पटाखे, जाड़ावत ने अधिकारियों के साथ की बैठक


चित्तौड़गढ़। राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने बुधवार को जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल और नगर परिषद और यूआईटी के अधिकारियों से मिलकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा के अनुरूप यह दिवाली ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों पर चर्चा की। 
इस दौरान जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने बताया कि जिला प्रशासन, यूआईटी और नगर परिषद की ओर से विशेष तैयारी की गई है। आमजन के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय पर सजावट व रोशनी तथा विशेष आयोजन किये जाएंगे। बैठक में और नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, यूआईटी एक्सईएन रमेश चंद्र बलाई उपस्थित थे। 

4500 परिवारों में बांटेंगे मिठाई और पटाखे
उन्होंने बताया कि आमजन के साथ मिलकर दिवाली मनाने के उद्देश्य से शहर की रंगास्वामी बस्ती, हाथीभाटा, रामनगर कच्ची बस्ती, मोहिखेड़ा, झांझरिया तालाब, गांधीनगर कच्ची बस्ती, उपराला पाड़ा, रामदेवजी का चन्देरिया, पंचवटी कच्ची बस्ती, रामनगर कच्ची बस्ती, सुभाष कॉलोनी डाइट रोड, बैरवा बस्ती, रेलवे स्टेशन के पास, गाड़ी लौहार, औछड़ी, भीलों की झोंपड़ियां, बस स्टैंड, अप्सरा टॉकीज के पीछे सहित अन्य ऐसे स्थानों पर जहां निर्धन वर्ग के लोग रहते हैं वहां के परिवारों के लगभग 4500 सदस्यों के लिए यूआईटी की ओर से मिठाई और पटाखे के पैकेट बांटे जाएंगे। मिठाई और पटाखे वितरण का कार्य नगर परिषद की ओर से किया जाएगा। 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नगर परिषद से मिठाई और आतिशबाजी वितरण का कार्य शुरू होगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, जिला कलक्टर अरिंवद कुमार पोसवाल, नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ