सैनिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में चल रही तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कैप्टन (आई एन) जे पी चिपलूनकर एवं विशिष्ट अतिथि स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी मेजर दीपक मलिक थे। अतिथियों का स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता के संयोजक मनीष जैन ने स्वागत किया।  
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कहा कि खेलकूद से शारीरिक व मानसिक ही नहीं बल्कि सर्वांगीण विकास संभव होता है। 
शरीर के विभिन्न अंगों के उचित संचालन में खेल बहुत मददगार साबित होते हैं, वहीं व्यक्तित्त्व विकास में भी खेलकूद का अहम् योगदान होता है। खेलों से अनुशासन की भावना का विकास होता है तथा चरित्र के निर्माण व नेतृत्व के गुणों के विकास के साथ सद्भावना   और ईमानदारी के गुणों का विकास भी खेलों के माध्यम से होता है। इसके अलावा खेलकूद से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य व मस्तिष्क सुदृढ़ होता है। 
प्रतियोगिता में बेस्ट प्लेयर ग्रुप ‘ए’ सीनियर वर्ग में सांगा हाउस का कैडेट अमन कुमार, ग्रुप ‘बी’ जूनियर वर्ग में लव हाउस का कैडेट ऋषभ कुमार, ग्रुप ‘सी’ सब जूनियर वर्ग में अशोका द्वितीय हाउस का कैडेट उत्कर्ष यादव एवं ग्रुप ‘डी’ गर्ल्स में कैडेट अनोखी मोची रही। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में 225 अंको के साथ सांगा हाउस प्रथम, 184 अंको के साथ हमीर हाउस द्वितीय एवं 180 अंको के साथ लव हाउस तृतीय स्थान पर रहा। सब जूनियर वर्ग में अशोका द्वितीय हाउस प्रथम एवं अशोका प्रथम हाउस दुसरे स्थान पर रहा। 
इस प्रतियोगिता में पीटीआई का कार्य सीएचएम कन्नन ने किया। संगणक का कार्य गणित के अध्यापक डी के शर्मा  और अमित कुमार झा ने किया। उद्घोषक का कार्य अंग्रेजी अध्यापिका जयंती सक्सेना एवं हिंदी अध्यापक रमेश साह ने किया। प्रतियोगिता के संयोजक मनीष जैन एवं भूपेन्द्र बिहारी व्यास थे। अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान की एवं बधाई दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ