चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि है कि देश में आज महंगाई चरम पर है, युवा बेरोजगार है और यही कारण है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल कर केन्द्र में बैठी सरकार का ध्यान आकर्षित कराना चाहते है। वे प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होनें कहा कि देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दुश्मन देश के 2 टुकड़े कर एक इतिहास बनाया था वहीं 90 हजार सैनिकों का आत्मसमर्पण कराया था। गरीबी हटाओ का नारा भी इंदिरा गांधी ने दिया था साथ ही बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर आमजन के लिए बैंकों की सुविधा सुलभ कराई। उन्होंने सन 1962, 1965, 1972 और कारगिल युद्ध को याद करते हुए सेना के शौर्य को अतुल्य बताया। गहलोत ने कोरोना जैसी विभिषिका का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश ने कोरोना बीमारी से निपटने के लिए बेहतर प्रबन्धन किया जिसकी प्रधानमंत्री मोदी ने भी तारीफ की।
अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र का अधिकार हमें महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, नेहरू और अम्बेडकर ने दिया है। जहां इंग्लेंड में लोकतंत्र के अधिकार को 100 साल लगे वहीं हमें आजादी के पहले ही दिन से लोकतंत्र का अधिकार मिला और यह लोकतंत्र ही हिन्दुस्तान की ताकत है। सीएम ने आमजन से आह्वान किया कि प्रदेश में चलाई जा रही फ्लेगशिप योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लें।
उन्होनें कहा कि सरकार के बेहतर प्रबन्धन का ही परिणाम है कि आज बजट की घोषणाएं एक के बाद एक पूरी हो रही है और सरकार राजस्व वसूली में भी अव्वल है। इस दौरान उन्होनें गुजरात चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की लहर चल रही है और कांग्रेस अच्छी जीत दर्ज करेगी। धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत द्वारा रखी गई मांगों के बारे में उन्होनें कहा कि शीघ्र ही सरकार के बजट में इन सभी प्रस्तावों को शामिल कर लिया जायेगा और वादा किया कि सब लोग निश्चिन्त रहे चित्तौड़ का चंहुमुखी विकास निश्चित है।
गहलोत ने ली चुटकी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने भाषण के दौरान अपने अंदाज में चुटकियां भी ली। उन्होनें बजट के समय गुलाबचन्द कटारिया के व्यक्तव्य को याद करते हुए कहा कि उन्होनें सरकार पर सवाल उठाए थे कि रूपया कहां से आएगा लेकिन हमने कहा था कि रूपया जादू से आएगा जिस पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े और तालियां बज उठी। इस दौरान गहलोत ने कांग्रेस सरकार के अच्छे कामों को जनता द्वारा सराहने की अपील की और कहा कि हमें लग रहा है कि जनता हमें रिपीट करेगी और अंत में उन्होनें अगले चुनाव में चित्तौड़गढ़ जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस को विजयश्री दिलाने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ