गैस टैंकर और ट्रेलर में भीषण भिड़ंत, 3 जिंदा जले, 10 मकान और 2 ट्रक आए आग की चपेट में



अजमेर। अजमेर जिले से होकर गुजर रहे नेशनल हाईवे-8 पर आधी रात को गैस टैंकर व ट्रेलर में भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में 3 लोग जिंदा जल गए। घटनास्थल के पास स्थित 10 मकान और दो ट्रक भी आग की चपेट में आ गए। हादसा रानी बाग रिसोर्ट के पास हुआ। हादसा इतना भयावह था कि 500 मीटर का क्षेत्र आग का गोला बन गया। 
हाईवे से गुजर रहे दो ट्रक मिश्रीपुरा और गरीब नवाज कॉलोनी सहित आसपास में फैली आग ने 10 से अधिक मकानों को भी चपेट में ले लिया। मृतकों में गैस टैंकर का चालक और मार्बल ब्लॉक लेकर जा रहे ट्रेलर का चालक शामिल हैं। 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इनमें से तीन को जेएलएन अस्पताल, अजमेर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही रात एक बजे कलेक्टर अंशदीप और एसपी चूनाराम जाट भी मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। आग लगने से आसपास के घरों में दरारें आ गईं। आग से प्रभावित करीब 10-12 घरों को खाली करा लिया गया है।
बताया जा रहा है कि मुंबई से दिल्ली के लिए अनाज भरकर जा रहे ट्रेलर ड्राइवर नोखा निवासी सुंदर पुत्र मुनीराम अजमेर रोड पुलिया के समीप से गुजर रहा था कि अचानक उसके ट्रेलर से एलपीजी से भरा टैंकर टकरा गया और आग लग गई। इस हादसे में सुंदर घायल हो गया। पुलिस अन्य मृतकों और घायलों की जानकारी जुटा रही है।
अजमेर रोड बाईपास व देलवाड़ा रोड बाईपास के बीच गुरुवार देर रात एलपीजी गैस से भरे टैंकर और मार्बल ब्लॉक लाद कर ले जा रहे ट्रेलर के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। गोले की तरह छूटी आग की चपेट में पास से गुजर रहा सोयाबीन से लदा एक ट्रक भी आ गया। लपटों में घिरकर तीनों वाहन जल गए। आग आसपास के एरिया में भी फैल गई।
एक्सीडेंट के बाद से नेशनल हाईवे-8 रात से ही जाम है। एक बार के लिए दोनों तरफ के ट्रैफिक को रोक दिया गया था। हालांकि करीब ढाई घंटे बाद रात तीन बजे आग पर काबू पाया। इसके बाद वन-वे शुरू किया। डाबर सदर थाना पुलिस के द्वारा रूट डायवर्ट किया गया है। शुक्रवार सुबह तक रूट डायवर्ट किया हुआ था। मौके पर पुलिस फोर्स भी तैनात है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ