●भीलवाड़ा उदयपुर से एफएसएल और डॉग स्क्वायर टीम पहुंची
चित्तौड़गढ़। जिले के आकोला थाना क्षेत्र में एक युवक की पेड़ पर लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपने परिजनों को किसी शादी समारोह में जाने की बात कहकर निकला था लेकिन आज दूसरे दिन उसकी पेड़ पर लटकी लाश ही मिली। भीलवाड़ा उदयपुर से एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची तथा संबंधित सुराग जुटाए। भूपालसागर प्रधान हेमेंद्र सिंह राणावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। आकोला थाना प्रभारी गोकुल डांगी के अनुसार दोपहर में जोयड़ा बावजी नर्सरी में अज्ञात युवक के पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली। पास ही बाइक भी खड़ी थी। यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और भोपाल सागर प्रधान हेमेन्द्र सिंह राणावत के साथ बड़ी संख्या में गांव के लोग भी पहुंच गए। मृतक की शिनाख्त निलोद निवासी 25 वर्षीय नारायण लाल पुत्र भैरूलाल जाट के रूप में की गई। पुलिस ने लाश उतारी और मोर्चरी पहुंचाई वही उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। चित्तौड़गढ़ के साथ-साथ भीलवाड़ा, उदयपुर से एफएसएल और डॉग स्क्वायड मंगाई गई। एफएसएल टीम ने सुराग जुटाए। परिजनों से पता चला है कि नारायण हैदराबाद में ज्वेलरी का कारोबार करता था और वहीं पर उसकी खुद की दुकान थी। किसी शादी में शामिल होने के लिए वह 5 फरवरी को हैदराबाद से अपने गांव आया था और कल दोपहर 3 बजे किसी शादी में शामिल होने के लिए फतहनगर जाना बताया। उसके बाद वह नहीं लौटा।
इधर भूपालसागर थानाधिकारी भगवती लाल पालीवाल आकोला पुलिस के साथ मौके पर डटे रहे। थाना प्रभारी भूपालसागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला आत्महत्या का है। ग्रामीणों की मांग पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ