चित्तौड़गढ़। जयपुर से कैब लेकर निकले तीन बदमाशों ने कैब ड्राईवर की आंखों में मिर्च डालकर लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने ड्राईवर को चाकू मारकर कर घायल कर दिया। घायल को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
सदर थाना के एएसआई भूर सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि नरपत की खेड़ी के पास एक ढ़ाबे के पास घायल अवस्था में एक व्यक्ति पड़ा हुआ हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में ईलाज करवा कर बयान दर्ज किए। जयपुर निवासी कैब ड्राईवर रोहिताश मीणा ने बताया कि जयपुर के रामबाग से तीन युवकों ने ब्यावर के लिए कैब बुक करवाई। ब्यावर पहुंचने पर तीनों युवकों ने अपनी बुकिंग बदलते हुए चित्तौड़गढ़ करवा ली। ब्यावर से आगे निकलने के बाद तीनों युवकों ने कैब ड्राईवर की आंखों में मिर्ची डाल दी व चाकू मार दिया। तीनों ने मुंह पर टेप बांध दी और टेप से हाथ भी बांधकर उसे बंधक बना दिया। ड्राइवर रोहिताश घायल हो गया।
रोहिताश को भीलवाड़ा के पास होश आया तो उसने देखा की गाड़ी का फ़ास्ट टैग हटा दिया और जोजरों का खेड़ा टोल टैक्स से नकद राशि देकर गाड़ी को चित्तौड़गढ़ की तरफ ले गए। तीनों बदमाशों ने हाइवे स्थित एक एटीएम के पास रुके और नकदी निकाली। तीनों बदमाशों ने कैब ड्राईवर का मोबाइल लेकर बदमाशों ने अपने खाते में 15 हजार ट्रांसफर किए और कैब ड्राईवर की जेब मे रखे 7500 रुपए भी लेकर मोबाइल छीन लिया। एटीएम के पास एक बाइक सवार से तीनों बदमाशों ने बात की और रोहिताश को गाड़ी से निकाल कर बाईक पर बिठा दिया। कैब को लेकर चले गए। बाईक सवार बदमाशों ने नरपत की खेड़ी के पास एक ढ़ाबे पर छोड़ दिया। सुबह ढाबा मालिक ढ़ाबे पर पहुंचा तो उसे एक घायल व्यक्ति पड़ा हुआ मिला और सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। वही पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
0 टिप्पणियाँ