बंटी गोलीकांड मामला : परिवाद में मंत्री आंजना व विक्रम आंजना का नाम जोड़ा, शव परिजनों को सौंपा

चित्तौड़गढ़। जिले के निम्बाहेड़ा शहर में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक पर फायरिंग कर हत्या करने के बाद शुक्रवार को भाजपा के पदाधिकारियों, परिवाजनों सहित कार्यकर्त्ताओं ने उपखण्ड कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। मंत्री उदय लाल आंजना और उनके भांजे विक्रम आंजना का नाम भी एफआईआर में जोड़ने के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए परिवारजन तैयार हुए। 
जानकारी के अनुसार गोलीकांड में केसुन्दा निवासी बंटी आंजना पिता बापू लाल आंजना की मौत हो गई। गोलीकांड को लेकर शुक्रवार को उपखण्ड कार्यालय के बाहर भाजपा नेता श्रीचंद कृपलानी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं व परिवाजन धरने पर बैठ गए। 
जानकारी के अनुसार बापूलाल बीजेपी के बूथ अध्यक्ष रहे हैं। एडिशनल एसपी अर्जुन सिंह शेखवात के आश्वासन के बाद रिपोर्ट लेने और ऑनलाइन रिपोर्ट को एफआईआर में जोड़ने के आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने के लिए तैयार हुए। परिजनों द्वारा सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और उनके भांजे विक्रम आंजना के विरूद्ध रिपोर्ट दी गई। जिसे एफआईआर में जोड़ा गया। उसके बाद पोस्टमार्टम हुआ और शुक्रवार शाम 5 बजे रिपोर्ट की कॉपी प्राप्त होने के बाद परिजनों द्वारा शव को मोर्चरी से बाहर लेकर केसूंदा रवाना करवाया गया। हत्यारों के नहीं पकड़े जाने पर भाजपा द्वारा आगामी 7 दिन तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया। पूर्व यूडीएच मंत्री कृपलानी, जिला अध्यक्ष गौतम दक एवं भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शव रवाना होने तक धरने पर बैठे रहे।
इस दौरान चित्तौड़गढ़ एडिशनल एसपी अर्जुन सिंह शेखावत, डिप्टी चित्तौड़गढ़ राजीव जोशी, उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी, तहसीलदार गोपाल बंजारा, सीआई कोतावली फूलचंद टेलर, सदर सीआई वीरेंद्र सिंह धाकड़ पूरे दिन मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ