घुमन्तु बोर्ड के उपाध्यक्ष देशबन्धु पर धार्मिक भावनाओं का आहत करने का मामला दर्ज

चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विमुक्त घुमंतू आयोग के उपाध्यक्ष चतराराम देशबंधु के विरुद्ध मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम पर आम सभा को संबोधित करते हुए अभद्र टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं एवं विश्वास को आहत करने से आरोप में कपासन पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
थाना कपासन के सहायक पुलिस उप निरीक्षक विक्रम सिंह की रिपोर्ट पर बुधवार देर रात को प्रकरण दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार कपासन निवासी राधेश्याम वैष्णव पुत्र मांगीलाल एवं उनके अन्य साथीगणों ने थाना कपासन में एक परिवाद सीडी के साथ पुलिस में पेश की। इस परिवाद की जांच थाना अधिकारी गजेंद्र सिंह ने विक्रम सिंह को सिपुर्द की। विक्रम सिंह ने परिवाद में अंकित तथ्यों की जांच संलग्न सीडी को लैपटॉप में डालकर अवलोकन कर एवं गोपनीय रूप से जांच की। जांच में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के संबंध में चतराराम द्वारा अभद्र टिप्पणी करना पाया गया।
जांच रिपोर्ट में परिवादी राधेश्याम वैष्णव एवं अन्य द्वारा प्रस्तुत परिवाद के अनुसार चतराराम देशबंधु जिन्हें राजस्थान सरकार की ओर से राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कपासन थाना अंतर्गत मेवदा कॉलोनी में 18 अप्रैल 2023 दोपहर में महापंचायत की आम सभा को संबोधित करते हुए विद्वेष पूर्ण आशय से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी कर सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाओं एवं विश्वास को आहत किया है जिससे वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा की है। चतराराम देशबंधु की उक्त अभद्र टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चतराराम ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने की अभद्र टिप्पणी स्वेच्छा पूर्वक की है।। पुलिस ने चतराराम देशबंधु के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए में प्रकरण दर्ज किया है। इस प्रकरण का अन्वेषण थानाधिकारी कपासन गजेंद्र सिंह स्वयं करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ