10 मई को पीएम मोदी आएंगे सिरोही, श्रीनाथजी के करेंगे दर्शन

जयपुर। आगामी 10 मई को पीएम नरेंद्र मोदी एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन करेंगे। सिरोही में ब्रह्मकुमारी आश्रम में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावों की रणनीति में जरा भी समझौता नहीं करते हैं, एक राज्य में चुनाव समाप्त होते ही वे अगले राज्य में दौड़भाग शुरू कर देते हैं। भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बदलने के बाद यह पहले से भी तय था कि कर्नाटक चुनाव खत्म होन के साथ ही वे राजस्थान का दौरा करेंगे।
10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। अपने एक दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी सबसे पहले नाथद्वारा में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से सिरोही पहुंचेंगे। जहां वह मानपुर हवाई पट्टी और ब्रह्माकुमारी आश्रम में पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
इससे पहले पीएम मोदी सितंबर में राजस्थान के आबूरोड पहुंचे थे। लेकिन तब तक रात के 10:15 बज गए थे। जिसकी वजह से पीएम मोदी आम जनता को संबोधित नहीं कर पाए थे। उस वक्त पीएम ने वहां मौजूद जनता से वादा किया था कि ' मैं विश्वास दिलाता हूं कि मैं दोबारा यहां आऊंगा और आपका जो प्यार है। उसे ब्याज समेत चुकता करूंगा।' ऐसे में अपने 7 महीने पुराने वादे को पूरा करने के लिए अब पीएम मोदी 10 मई को फिर से राजस्थान के आबूरोड पहुंच रहे हैं। राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। एक दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी राजस्थान श्रीनाथ जी के दर्शन के साथ ही विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद ब्रह्माकुमारी और आबू रोड़ पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ