बिन्दोली में डीजे बजाने को लेकर विवाद, धारा 3 सहित परस्पर तीन एफआईआर दर्ज

चित्तौड़गढ़। जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में जटिया समाज की एक बिन्दोली को लेकर हुए विवाद में परस्पर तीन मामले दर्ज हुए है जिसमें जटिया समाज के लोगों ने बिन्दोली का रास्ता रोककर तोड़फोड़ कर जातिगत अपमानित करने और दूसरे पक्ष ने तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में एफआईआर दी है जबकि इसी मामले में पुलिस ने बिना अनुमति के डीजे बजाने को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मई की रात 9 बजे मंगलवाड़ थाना क्षेत्र के गांव सारणपुरा में प्रकाश जटिया के घर में विवाह होने से दूल्हे की बिन्दोली निकाली जा रही थी। उसने अपनी रिपोर्ट में बताया कि घर से बिन्दोली निकाले जाने पर रास्ते में गांव के ही प्रकाश गुर्जर, उदयलाल, देवीलाल, नारायण लाल आदि हम सलाह होकर आए और डीजे बंद करने को कहा और टेम्पों के कांच फोड़कर वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। 
वहीं टेम्पों की चाबी छीनकर मोबाइल भी छीन लिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की। वहीं जातिगत अपमानित भी किया। इस मामले में प्रकाश गुर्जर ने मंगलवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गांव के ही प्रकाश जटिया की बिन्दोली खत्म होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और इस दौरान उसने मना किया तो झगड़े पर उतारू हो गया और किशन जटिया, प्रकाश जटिया आदि ने मारपीट की। इस मामले में पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका स्थिति देखकर ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में डीजे का टेम्पों भी पुलिस ने जब्त किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ