महेश नवमी शोभायात्रा में उमड़े माहेश्वरी समाजबंधु, गूंजे जय महेश के जयकारे


भीलवाड़ा। श्रीनगर माहेश्वरी सभा के तत्वावधान में माहेश्वरी समाज के वंशोत्पति दिवस महेश नवमी पर्व पर सोमवार को वस्त्रनगरी भीलवाड़ा की पावन धरा पर भव्य शोभायात्रा में भगवान महेश के भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में चहुऔर भगवान महेश के जयकारे गूंजायमान होते रहे। शोभायात्रा के बाद रामेश्वरम में महाप्रसाद के साथ 15 दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का समापन हो गया। शोभायात्रा से पूर्व सुबह विभिन्न शिवालयों में भगवान महेश का अभिषेक हुआ एवं माहेश्वरी समाज के बड़े मंदिर में चारभुजानाथ के छप्पन भोग धराया गया।  वस्त्रनगरी में सोमवार को पिछली बार की तर्ज पर इस बार भी सांयकालीन बेला में केसरीमल भैरूलाल माहेश्वरी धर्मशाला से महेश नवमी की शोभायात्रा का आगाज हुआ। शोभायात्रा मुरलीविलास रोड, स्टेशन चौराहा, गोलप्याऊ चौराहा होते हुए बालाजी मॉर्केट, भूपाल क्लब, सुभाष मॉर्केट, संकट मोचन हनुमान मंदिर होकर राजेन्द्र मार्ग विद्यालय पहुंच सम्पन्न हुई। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा में आगे शहनाई वादक, उंटगाड़ी, 8 अश्व के साथ तीन बैंड विशेष धुन ओम नमः शिवाय की स्वर लहरियां बिखरते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में पुर्व सभापति महासभा रामपाल सोनी, प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येन्द्र बिरला, जिलाध्यक्ष अशोक बाहेती, जिला मंत्री रमेश राठी, नगर अध्यक्ष केदार गगरानी, मंत्री संजय जागेटिया, संयोजक व पुर्व पार्षद राधेश्याम सोमानी, सह संयोजक केजी राठी व प्रदीप पलोड़ सहित हजारों समाजजन शामिल थे। एक दर्जन मंदसौरी ढ़ोल की थाप पर युवक-युवतियां उत्साह से नृत्य करते हुए चल रहे थे। 
एकता के साथ स्वच्छता व नशामुक्ति का संदेश
 शोभायात्रा को सार्थक बनाने के लक्ष्य से माहेश्वरी समाज ने सर्वजन को इसके माध्यम से सामाजिक एकता के साथ स्वच्छता, नशामुक्ति व भ्रुण हत्या रोकने का संदेश भी दिया। शोभायात्रा में स्वच्छ भीलवाड़ा क्लीन भीलवाड़ा का संदेश प्रसारित करने वाले कई बैनर भी प्रदर्शित किए गए। महिलाओं द्वारा बेटी बचाओं, नशामुक्ति व सामाजिक एकता को मजबूत करने संबंधी नारे भी लगाए जा रहे थे। 
शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत, लगाए 70 स्वागत द्वार चौराहों सजावट समिति मुख्य प्रभारी सुमित जागेटिया व स्वागत द्वार समिति मुख्य प्रभारी दिनेश राठी (मरूधरा) ने बताया कि महेश नवमी पर श्रीनगर माहेश्वरी सभा के तत्वावधान में शहर के प्रमुख चौराहों को सजाने के साथ शोभायात्रा मार्ग में स्वागत द्वार भी लगाए गए। शहर में प्रमुख 9 चौराहों को विशेष रूप से सजाया गया। सतरंगी चुनरी से सजाने के साथ आकर्षक विद्युत रोशनी इन चैराहों पर की गई। शोभायात्रा के मार्ग में 70 स्वागत द्वार लगाए गए। इन स्वागत द्वार पर शोभायात्रा का विभिन्न संस्थाओं एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा स्वागत किया गया। कई मुख्य चौराहों पर विभिन्न सामाजिक और व्यवसायिक संगठनों की ओर से शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ