अरब सागर में बना शक्तिशाली चक्रवात बिपरजोय, 8 राज्यों में अलर्ट, मानसून का रास्ता रोका


मौसम अपडेट। 
केरल में आमतौर पर एक जून को मानसून दस्तक दे देता है। मौसम विभाग ने 4 जून का अनुमान लगाया था। मानसून तो नहीं आया, लेकिन अरब सागर में बना शक्तिशाली चक्रवात बिपरजोय जरूर हमारी तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 8 राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह ईस्ट-सेंट्रल और इससे सटे साउथ-ईस्ट अरब सागर के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना। 24 घंटे बाद ही ये चक्रवात में तब्दील हो गया। अरब सागर में साल के पहले प्री मानसून तूफान का नाम बिपरजोय रखा गया है, जिसका नाम बांग्लादेश ने दिया है।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह 5.30 बजे बिपरजॉय चक्रवात की लोकेशन गोवा के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 890 किलोमीटर दूर थी।
इसके उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। लक्षद्वीप, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अगले 5 दिन तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मानसून की उत्तरी सीमा बीते 4 दिनों से एक ही स्थान पर अटकी है। अरब सागर में जो बादल पश्चिमी हवा के साथ केरल की ओर बहुत धीमी गति से बढ़ रहे थे, वे अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन की ओर खिंच गए हैं। ये बादल केरल की ओर कम हो गए हैं। इसी वजह से मानसून के आने में देरी हो रही है।
मौसम विभाग ने पहले 4 जून तक केरल में मानसून के आने की संभावना जताई थी। आईएमडी के सीनियर साइंटिस्ट डी एस पाई ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में केरल में मानसून के दस्तक देने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
वहीं निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने बताया कि केरल में मानसून 8 से 9 जून को पहुंच सकता है। इससे पहले स्काईमेट ने केरल में 7 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ