ट्रेक्टर पलटने से मौत का मामला : मुआवजे पर बनी सहमति, शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा

चित्तौड़गढ़। सदर थाना क्षेत्र के उदयपुर भीलवाड़ा मार्ग पर नरपत की खेड़ी पुलिया के समीप गुरुवार सायं ट्रैक्टर पलटने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में परिजनों व ग्रामीणों ने ईनाणी मार्बल फैक्ट्री के बाहर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कई घंटे की कशमकश के बाद अंतत मुआवजे पर सहमति बनी जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार रतन लाल पिता मिट्ठू लाल मीणा उम्र 50 साल निवासी माल की चौगावड़ी थाना चंदेरिया भीलवाड़ा मार्ग स्थित ईनाणी मार्बल फैक्ट्री में ट्रैक्टर चालक का कार्य करता था। हमेशा की तरह वह गुरुवार शाम को मार्बल स्लरी से भरा टैंकर खाली करने जा रहा था। इसी दौरान नरपत की खेड़ी पुलिया के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे रतनलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व गंभीर रूप से घायल रतनलाल को सांवलियाजी चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में रतन लाल की मृत्यु पर उसके गांव के दर्जनों महिला-पुरुष और परिजन शुक्रवार प्रातः ईनाणी मार्बल फैक्ट्री के बाहर एकत्रित हो गए और 5 लाख रुपए का मुआवजा व मृतक के पुत्र को नौकरी दिए जाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक बुधराज टाक, सदर थाना अधिकारी हरेंद्र सिंह सौदा, चंदेरिया थाना अधिकारी कैलाश चंद्र मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में कई घंटों तक ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इस दौरान कई महिलाएं जबरन फैक्ट्री परिसर में घुस आई और नारेबाजी करने लगी। काफी देर तक चली खींचतान के बाद मृतक के परिजनों व फैक्ट्री प्रबंधन के बीच तीन लाख 51 हजार के मुआवजे मृतक के पुत्र को नौकरी दिए जाने की सहमति बनी। सदर थाना पुलिस द्वारा परिजनों की सहमति से ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच सांवलियाजी चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ