●गत 18 जून को बंजारा बस्ती में
पुलिस पर हुआ पथराव
●पथराव के दौरान दो कांस्टेबल हुए थे गंभीर घायल
कुचामनसिटी, (माय सर्कल न्यूज़ @विमल पारीक)। नागौर जिले के कुचामन सिटी पुलिस थाना के जवानों व सीआई पर हमला करने के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए बनवारी बंजारा, श्रवणराम, मदनलाल रमेश, बल्लाराम, सेठाराम, महेन्द्र, लाखाराम बंजारा कुचामन सिटी को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व में पुलिस ने बंजारा समाज के 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिनको न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया है। गत 18 जून को बंजारा बस्ती में एक लड़की के रिश्ते को लेकर बंजारा समाज के दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इसकी सूचना पर कुचामन पुलिस मौके पर पहुँची थी। पुलिस टीम बंजारा बस्ती में जाकर मामलों को शांत करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बंजारा समाज के लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया तथा पुलिस के जवान कमलेश मीणा का जातिसूचक गालियां निकालकर मारपीट की। पुलिस उपाधीक्षक संजीव कटेवा के गनमैन विकास गोदारा के साथ भी मारपीट की। थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी पर जानलेवा हमला किया। जिस पर थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी ने बंजारा समाज के कुछ लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने व पुलिसकर्मियों के मारपीट करने तथा जाति सूचक गालियां देने का मुकदमा दर्ज करवाया।
0 टिप्पणियाँ