राजस्थान में यूपीएससी की तरह हर साल रीट होगी

जयपुर। कांग्रेस नेता और गहलोत सरकार में शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा- राजस्थान सरकार भी अब यूपीएससी की तर्ज पर हर साल रीट और खाली पड़े पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है। ताकि एक भी पद रिक्त न रहे। राजस्थान के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिल सके। इसे लागू करने के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को कल्ला बेरोजगारों के महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव में महज 4 महीने का वक्त बचा है। ऐसे में प्रदेश के लाखों युवाओं की जायज और लंबित मांगों को लेकर देश में पहली बार बेरोजगार महासम्मेलन आयोजित कर रहे हैं। इसमें दोनों राजनीतिक दलों के नेताओं को बुलाया गया है। पेपर लीक, रोजगार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ना सिर्फ राजस्थान बल्कि केंद्र में भी कानून बनाने कि जरूरत है।
प्रदेश के युवाओं को राजस्थान में होने वाली भर्ती परीक्षाओं में प्राथमिकता देने की मांग रखेंगे। ताकि राजस्थान के युवाओं का हक ना मारा जाए। प्रदेशभर से पहुंचे युवा साथी आज महासम्मेलन में मौजूदा समस्याओं पर भी मंथन और चिंतन कर भविष्य की रणनीति तैयार करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ