चित्तौड़गढ़। एमपी के नीमच शहर के जेतपुरा फंटे पर लूट के आरोपियों को पकड़ कर लेकर आ रही निम्बाहेड़ा सदर पुलिस पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर लूट के आरोपियों को छुड़ाकर ले गए। हमलावरों के हमले से राजस्थान पुलिस के एक एसआई को गोली लगी हैं। गम्भीरवस्था मन उन्हें उदयपुर रैफर किया गया है। नीमच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि यह घटना बुधवार-गुरुवार की रात 12 बजे लगभग की है। निम्बाहेड़ा की सदर थाना पुलिस द्वारा मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें स्कोर्पियो कार में निम्बाहेड़ा ले जाया जा रहा था। इस दौरान नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा फोर लाइन के पास पल्सर बाइक पर सवार अज्ञात दो बदमाशों ने बारह बोर बन्दूक से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। वहीं सदर थाने के सब इंस्पेक्टर नानूराम गेहलोत की सर्विस पिस्टल को छीन कर उसी से एसआई गेहलोत को जांघ पर गोली मार दी।
इससे वे घायल हो गए और दोनों बदमाश तीनों आरोपियों को अपने साथ लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में एसआई गेहलोत को नीमच लाया गया जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रैफर किया गया है। सूचना मिलते ही निम्बाहेड़ा सदर थाना प्रभारी फूलचंद टेलर और टीम व नीमच पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी कनेश ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर आसपास क्षेत्र में घेराबन्दी की जा रही है। फिलहाल इस मामले में आरोपियों की सघन तलाशी की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ