समाज के हर व्यक्ति को समान अवसर व संसाधन उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता- राजस्व मंत्री

●पंचायत समिति सुवाणा की ग्राम पंचायत पांसल केंप में प्रशासन गांवों के संग अभियान एवं मंहगाई राहत कैंप का किया निरीक्षण

भीलवाड़ा, (माय सर्कल न्यूज़ @विनोद सेन)। राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने पंचायत समिति सुवाणा की ग्राम पंचायत पांसल केंप में प्रशासन गांवों के संग अभियान एवं मंहगाई राहत कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उनको मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड भी वितरित किए। राजस्व मंत्री जाट ने शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याएं सुनी और उनके तुरंत निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
राजस्व मंत्री ने इस दौरान कैम्प में आए लोगों को बताया कि आमजन की सुविधा के लिए उनके घरो के नजदीक ही बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार की ओर से महंगाई राहत कैम्प लगाए जा रहे है। मंत्री जाट ने शिविर में मौजूद अधिकारियों से कहा कि आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव, ढाणी, कस्बे में अंतिम छोर तक बैठे हुए व्यक्ति को मिलना चाहिए।  
उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि महंगाई राहत कैंप व प्रशासन गांवों के संग शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों के विभिन्न योजनाओं के लाभ हेतु पंजीयन होने पर बधाई दी। ग्रामवासियों ने इस पर खुशी जाहिर की। मंत्री जाट ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को समान अवसर व संसाधन उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता हैं।
राजस्व मंत्री ने शिविर में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड भी सौंपे। साथ ही कहा कि प्रदेशवासियों को राहत दिलाने के लिए 10 जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोड़ने और तुरंत लाभ पहुंचाने के लिए यह कैंप शुरू किए गए हैं। उन्होंने कैम्प में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना आदि की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस दौरान शिविर में एसडीएम विनोद कुमार, बीडीओ सम्पत गोदारा, सरपंच श्रीमती मंशादेवी भील, पूर्व सरपंच छोटूलाल जाट, जीएसएस अध्यक्ष बद्रीलाल जाट एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण व विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ