कपासन, (माय सर्किल न्यूज़ अंकित वैष्णव)। वित्तीय अनियमितता के चलते नगर पालिका अध्यक्ष मंजू देवी सोनी को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक और विशिष्ट सचिव हृदेश कुमार शर्मा ने निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे बाद आदेश को तामील करवाया गया।
आदेश में बताया कि पालिका अध्यक्ष मंजू देवी सोनी के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर दो बार शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। दूसरे समारोह को भाजपा का कार्यक्रम बताकर इस पर खर्च की गई राशि 1 लाख,25 हजार 8 रुपए को राजकीय कोष को हानि पहुंचाने का आरोप लगाया गया। जिसकी जांच उप निदेशक (क्षेत्रीय), स्थानीय निकाय विभाग, उदयपुर से करवाई गई। जांच के दौरान पालिका अध्यक्ष सोनी को सुनवाई का अवसर दिया गया। इस जांच में उप निदेशक, उदयपुर ने शिकायत को प्रमाणित होना पाया गया है।
जांच में पाया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष सोनी के अध्यक्ष पद पर निर्वाचन के बाद अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण 13 फरवरी 2021 को हुआ। इसके बाद 6 मार्च 2021 को दोबारा शपथ ग्रहण और पदभार ग्रहण किया गया। इस शपथ ग्रहण समारोह का नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से एक लाख 25 हजार 8 रुपए का भुगतान करवाया गया। जिसे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के द्वारा प्रमाणित नहीं किया गया। जांच में नगर पालिका अध्यक्ष ने नियमों के खिलाफ भुगतान कर वित्तीय अनियमितता करना पाया गया। इसके लिए नपा अध्यक्ष सोनी को नगरपालिका अधिनयम अंतर्गत 9 जून को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया। इस नोटिस का आदेश जारी होने तक विभाग को जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। आदेश में नगर पालिका अध्यक्ष मंजू देवी सोनी को नगर पालिका अध्यक्ष और सदस्य पद से निलंबित किया गया है।
0 टिप्पणियाँ